- Home
- /
- अवैध मछली पकड़ने वालों के साथ संघर्ष...
अवैध मछली पकड़ने वालों के साथ संघर्ष , पथराव, चलीं गोलियां

डिजिटल डेस्क, नागपुर रामटेक। पेंच व्याघ्र प्रकल्प अंतर्गत तोतलाडोह जलाशय में अवैध मछली पकड़ने वालों व वन कर्मचारियों में जमकर संघर्ष हुआ। आरोपियों की ओर से पथराव होने पर वन विभाग ने भी हवा में गोलियां चलाईं। रात भर चले संघर्ष में अकरम शेख, न्यू तोतलाडोह वडांबा, निवासी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। उसके अन्य साथी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश जारी है।
8 बोट पर सवार थे आरोपी
बता दें कि पेंच व्याघ्र प्रकल्प यह देश का 25वां व्याघ्र प्रकल्प हैं। यह आरक्षित जंगल क्षेत्र होने से बतौर विशेष अधिवास घोषित किया गया है। इस आरक्षित जंगल क्षेत्र में मछली पकड़ना कानूनन अपराध है, लेकिन अवैध रूप से मछली पकड़ने के मामले आए दिन सामने आते रहते हैं। गत 27 जनवरी को भी पूर्व पेंच वनपरिक्षेत्र के तोतलाडोह जलाशय में 8 बोट पर कुछ लोग मछली पकड़ते हुए व्याघ्र संरक्षण दल को दिखाई दिए। सुरक्षा दल ने उनका पीछा किया व एक मछुआरे को धर दबोचा।
विरोध में करने लगे पत्थरबाजी
इसी दौरान वनपरिक्षेत्र कक्ष-530 में एक निर्जन बोट पर मछुआरों द्वारा आग लगाने की बात सामने आई। उन्हें पकड़ने हेतु वन और पुलिस प्रशासन ने विशेष मुहिम चलाई। विरोध में पत्थरबाजी की गई। हमला होते देख वन विभाग ने भी बचाव के लिए हवा में गोली दागी। रात भर चले इस मुहिम में मछुआरों का पीछा कर दो बोट सहित तकरीबन 150 जाल जब्त किए गए। जानकारी मिलते ही पूर्व पेंच वनपरिक्षेत्र के वनपरिक्षेत्र अधिकारी मंगेश ताटे अतिरिक्त बल सहित मौके पर पहुंचे। देवलापार के पुलिस उपनिरीक्षक गोविंद पुंजरवाड भी कर्मचारियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे थे।
3 दिन तक वन कस्टडी
वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर प्रथम वर्ग न्यायालय, रामटेक ने तीन दिन के लिए आरोपी को वन कस्टडी में रखने का आदेश दिया है। मामले की जांच पेंच व्याघ्र प्रकल्प के उपसंचालक अमलेंदू पाठक के मार्गदर्शन में सहायक वन संरक्षक अतुल देवकर, वन परिक्षेत्र अधिकारी मंगेश ताटे, वनपाल श्रीराम केकान, वनरक्षक गजानन गरके कर रहे हैं। इस कार्रवाई में विशेष व्याघ्र संरक्षण दल, तोतलाडोह-खुर्सापार तथा पुलिस कर्मचारियों ने विशेष भूमिका निभाई।
Created On :   29 Jan 2021 11:53 AM IST