- Home
- /
- बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस...
बढ़ती महंगाई के विरोध में कांग्रेस ने किया "थाली बजाओ' आंदोलन

डिजिटल डेस्क. अमरावती। महंगे ईंधन के चलते नागरिकों को महंगाई का कड़ा सामना करना पड़ रहा है। बढ़ती महंगाई और ईंधन के दामों को लेकर विपक्ष सरकार पर लगातार तीखे हमले कर रही है। इसी कड़ी में देशभर में पेट्रोल, डीजल, रसोई, खाद्य तेल के बढ़ते दाम को लेकर अमरावती शहर (जिला) कांग्रेस कमेटी की ओर से बबलू शेखावत की अध्यक्षता में राजकमल चौक में भारतीय जनता पार्टी व केंद्र सरकार के विरोध में थाली बजाओ आंदोलन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चूल्हे पर बनी रोटियां सेंककर बढ़ते रसोई गैस व ईंधन के दामों का विरोध किया।
आंदोलन जिले के पूर्व पालकमंत्री डॉ.सुनील देशमुख, प्रदेश प्रवक्ता दिलीप एडतकर, प्रदेश मुख्य सचिव किशोर बोरकर, पूर्व महापौर विलास इंगोले, मिलिंद चिमोटे, प्रदेश उपाध्यक्ष भैय्याजी पवार, पूर्व नगरसेवक मुन्ना राठोड़, महिला कांग्रेस अध्यक्ष अंजलि ठाकरे के नेतृत्व में हुआ।
आमजन का जीना मुश्किल हो गया : डॉ. देशमुख
आंदोलन के दौरान डॉ. देशमुख ने कहा कि केंद्र द्वारा बढ़ाई गई महंगाई के चलते आम जनता का जीना मुश्किल हो गया है। यही नहीं परिवार का बजट भी बिगड़ गया है। भाजपा ने हर घर की रसोई, बाथरूम व वाहनों पर कब्जा कर उनके वित्तीय बजट को बिगाड़ा है। केंद्र सरकार ने कोरोना मुक्ति के लिए थाली बजवाई थी, कोराना तो गया नहीं लेकिन महंगाई जरूर घर कर गई। लिहाजा अब हम लोगों को चुनावों से पहले थाली बजाकर जगा रहे हैं। 2024 में मोदी सरकार पूरी तरह खत्म हो जाएगी।
2014 में घरेलू सिलेंडर के दाम जहां 417 रुपए थे वह सब्सिडी हटाकर अब 970 रुपए तक पहुंच गए हैं। इसी तरह पेट्रोल 2014 में 71.41 रुपए प्रति लिटर था वह अब 115 रुपए तक जा पहुंचा है। डीजल भी 55.49 से 100 तक जा पहुंच गया है। इसी प्रकार अन्य चीजों के भी दाम तेजी से बढ़ गए हैं। बबलू शेखावत ने कहा कि इस आंदोलन की शुरुआत अमरावती से हुई है जो 31 मार्च को देशव्यापी तौर पर किया जाएगा।
आंदोलन में ये रहे शामिल : सुबह 10.30 बजे शुरू हुए आदोलन में शहर कांग्रेस, महिला कांग्रेस के पदाधिकारी उपस्थित थे।
महिलाओं ने रस्सी पर सिलेंडर टांगकर थाली बजाते हुए नारेबाजी की। इस दौरान बालासाहब भुयास, संजय वाघ, आनंद भामोरे, युवक कांग्रेस जिला अध्यक्ष निलेश गुहे, अल्पसंख्यक अध्यक्ष अब्दुल रफीक, ब्लॉक अध्यक्ष राजा बांगडे, ब्लॉक अध्यक्ष गजानन राजगुरे, ब्लॉक अध्यक्ष यासिर भारती, एनएसयूआई अध्यक्ष संकेत कुलट, समाज सेवक फिरोज खान, पदवीधर सेल अध्यक्ष श्याम प्रजापति, ट्रांसपोर्ट सेल अध्यक्ष महेश राठी, सेवादल कार्याध्यक्ष अतुल कालबेंडे, प्रदीप हिवसे, मनोज भेले, जयश्री वानखडे, शोभा रवींद्र शिंदे, जया श्रीरामे व बड़ी संख्या में अन्य कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान हिस्सा लिया।
Created On :   29 March 2022 2:43 PM IST