भाजपा में लोकतंत्र नहीं, कांग्रेस में फेरबदल जरूरी : नाना पटोले

congress leader nana patole comment on BJP and congress party
भाजपा में लोकतंत्र नहीं, कांग्रेस में फेरबदल जरूरी : नाना पटोले
भाजपा में लोकतंत्र नहीं, कांग्रेस में फेरबदल जरूरी : नाना पटोले

डिजिटल डेस्क,नागपुर।  पूर्व सांसद व कांग्रेस नेता नाना पटोले का कहना है कि भाजपा में लोकतंत्र नहीं है जबकिि कांग्रेस में फेरबदल की आवश्यकता है। पटोले ने सरकार के कामकाज में निजी लोगों की नियुक्तियों पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस को आड़े हाथों लेेते हुए सवाल किए कि मुख्यमंत्री को साफ करना चाहिए कि उन्हें सरकारी लोगों पर विश्वास है या नहीं। जिला स्तर पर प्रशासनिक व्यवस्था की निगरानी के लिए 30 लोगों की नियुक्तियां की जाने वाली हैं। निजी क्षेत्र के इन लोगों की नियुक्तियों के संबंध में भी मुख्यमंत्री खुलासा करे। सीएमओ में जितने निजी क्षेत्र के ओएसडी नियुक्त हैं, पहले कभी नहीं थे। आखिर इन नियुक्तियों की आवश्यकता क्यों पड़ रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कार्यशैली का विरोध दोहराते हुए श्री पटोले कहते हैं कि मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार विदर्भ राज्य बनने नहीं देगी। कांग्रेस की स्थिति पर उनका मानना है कि संगठनात्मक बदलाव आवश्यक है। जल्द ही कांग्रेस में बदलाव भी दिखेगा।  दैनिक भास्कर’  से पटोले ने विविध मुद्दों पर चर्चा की। 

किसानों का मामला ही प्रमुख मुद्दा
श्री पटोले के अनुसार सरकार के विरोध में किसानों की स्थिति का मामला ही अगले चुनावों में प्रमुख मुद्दा हो सकता है। ओबीसी आरक्षण व ओबीसी आयोग को संवैधानिक दर्जा देने के अलावा िवदर्भ राज्य बनाने की मांग के साथ सरकार के विरोध में आंदोलन जारी रहेगा। किसानाें का संकट दूर करने के लिए सबको प्रयास करना होगा। सरकार ने किसानों को कर्जमाफी का लॉलीपाप दिखाया है। किसानों की जेब से पैसा निकालने का काम सरकार ही कर रही है। सरकार को किसान ही सबक सिखाएंगे। दलहन खरीदी के मामले में सरकार कुछ लोगों को ही लाभ दिलाती दिख रही है। विदर्भ में ही देखा जाए, तो सिंचाई जल नियोजन के मामले में सरकार असफल है। जलस्तर बढ़ाने का प्रयास नहीं किया गया है। पानी के अपव्यय काे रोकने नियोजन नहीं किया गया है। 

भाजपा में लोकतंत्र नहीं ,कांग्रेस में फेरबदल आवश्यक
भाजपा लोकतंत्र को नहीं मानती है। नागपुर मनपा में चुने हुए नगरसेवकों से भाजपा ने इस्तीफे लेकर लोकतंत्र विरोधी होने का परिचय दिया है। कांग्रेस में आपसी लड़ाई साफ दिखती है, लेकिन यहां लोकतंत्र है। सबको अपनी बात रखने का अधिकार है। कांग्रेस में संगठनात्मक फेरबदल आवश्यक है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने इस मामले में निर्णय लिया है। कर्नाटक चुनाव के बाद महाराष्ट्र कांग्रेस में भी फेरबदल नजर आएगा। राज्य में संगठन की जो भी जिम्मेदारी मिलेगी उसे पूरा करुंगा। फिलहाल किसी पद की मांग नहीं की है।  किसान हूं। किसान को अलग से पद की आवश्यकता नहीं होती है।

क्यों नहीं करा रहे चुनाव
मैंने इस्तीफा दिया तब उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री व उप-मुख्यमंत्री ने भी लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। दाेनों के निर्वाचन क्षेत्र गोरखपुर व फुलपुर में लोकसभा चुनाव की घोषणा कर दी है, लेकिन गोंदिया-भंडारा के लिए चुनाव की घोषणा नहीं की है। राज्य सरकार इस चुनाव को टालने का प्रयास कर रही है। आखिर क्यों नहीं कराया जा रहा है चुनाव? 

नागपुर के नेताओं के विरोध में होगा आंदोलन
गोंदिया व भंडारा जिले में वैनगंगा नदी का पानी नागपुर के मलीन पानी के कारण दूषित हो रहा है। न्यायालय ने इस रोकने के लिए सरकार को आदेश दिए। राज्य सरकार ने दिसंबर 2017 तक उपाययोजना कर लेने का वचन न्यायालय को दिया था, लेकिन अब भी नागपुर का मलीन पानी वैनगंगा में जा रहा है। न्यायालय की अवमानना के इस मामले में सरकार के विरोध में न्यायालय जाएंगे। साथ ही गाेंदिया-भंडारा की जनता नागपुर के नेताओं के विरोध में आंदोलन करेगी। मुख्यमंत्री को वैनगंगा का पानी पिलाया जाएगा। नागपुर के पालकमंत्री भंडारा के भी पालकमंत्री बने हैं उन्हें भी वैनगंगा का पानी पीने काे कहा जाएगा।

भंडारा जिले में होगी राहुल गांधी की सभा
कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की सभा भंडारा जिले में होगी। फिलहाल तारीख तय नहीं की है। सभा विदर्भ स्तरीय होगी। मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ के लोग भी सभा में शामिल होंगे। 
 

Created On :   12 Feb 2018 11:17 AM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story