क्या सही में राजस्थान में कांग्रेस की जीत पर लहराया पाकिस्तानी झंडा? देखें वीडियो

क्या सही में राजस्थान में कांग्रेस की जीत पर लहराया पाकिस्तानी झंडा? देखें वीडियो

डिजिटल डेस्क, जयपुर। राजस्थान विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने जीत दर्ज करते हुए अपनी सरकार बना ली है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी शेयर किया जा रहा है। इस वीडियो में दावा किया जा रहा है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जीत के बाद रैली निकालकर पाकिस्तान के झंडे लहराए। वीडियो में दिखाया भी जा रहा है कि एक शख्स हरे रंग का झंडा लहरा रहा है। मगर आपको बता दें कि राजस्थान पुलिस ने इस वीडियो को फर्जी करार दिया है। पुलिस ने कहा कि यह झंडा पाकिस्तान का नहीं है।

राजस्थान पुलिस ने भी अपने वेरिफाइड ट्विटर हैंडल से ये वीडियो शेयर किया है। साथ ही लिखा है, ‘यह वीडियो सोशल मीडिया पर इस दावे के साथ शेयर किया जा रहा है कि कांग्रेस की जीत के बाद जश्न के दौरान पाकिस्तान का झंडा लहराया गया। यह गलत है और हम लोगों से निवेदन करते हैं कि इसको सच न मानें। हम इस साजिशकर्ता को ढूंढने की कोशिश कर रहे हैं।’

 

 

यह वीडियो वाट्सअप, फेसबुक और ट्विटर पर शेयर किया जा रहा है। फेसबुक पर ये वीडियो ‘PoliticsSolitics‘ नाम के पेज से ‘बीजेपी के हार के बाद कांग्रेस ने दिया हिन्दुओं को बड़ा गिफ्ट। अब समय है जागो।’ पोस्ट लिखकर शेयर किया गया। अब तक इसे 5 लाख 73 हजार से भी ज्यादा बार देखा जा चुका है और 21 हजार से ज्यादा बार शेयर किया जा चुका है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में एक शख्स की आवाज भी सुनी जा सकती है। संभवतः ये आवाज उसी शख्स की होगी, जो ये वीडियो रिकॉर्ड कर रहा है। वो इस वीडियो में कहता है कि ‘कांग्रेस की रैली है और कैसे पाकिस्तान का झंडा लहराया जा रहा है, गौर से देखिए आप। देखो, तुम्हारी खुद की गलती है गौर से देखो ये। कांग्रेस पाकिस्तान का झंडा लहराते आप खुद देख सकते हैं। ये टिहरी की है, कहीं और की नहीं है। शर्म आती है मुझे इस रैली में खड़े हिंदू भाइयों को कहते हुए, शर्म कर लो रे..शर्म..तुमने ही वोट दिया था न इनको।’

क्या है सच....
आपको बता दें कि वीडियो में हरे रंग का जो झंडा दिखाया जा रहा है, वह पाकिस्तान का राष्ट्रध्वज नहीं है। पाकिस्तान के झंडा रहे रंग का तो होता ही है, साथ ही एक छोटी सी सफेद रंग की पट्टी भी होती है। बीच में एक चांद और एक सितारा भी होता है। मगर वीडियो में जो झंडा दिखाया जा रहा है वो हरा तो है, मगर वो झंडा दोनों तरफ से आंशिक सफेद भी है। बीच में भी सफेद रंग से कुछ लिखा है और लाल-नीले रंग के स्पॉट्स भी उस झंडे में दिखाई दे रहे हैं। यह झंडा पाकिस्तानी झंडे से बहुत अलग है।

Created On :   13 Dec 2018 12:31 PM GMT

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story