पूर्व विदर्भ में धान का मुद्दा प्रमुखता से उछालेगी कांग्रेस, 15 से जनसंघर्ष यात्रा

congress will start jan sangharsh yatra in vidarbha and maharashtra
पूर्व विदर्भ में धान का मुद्दा प्रमुखता से उछालेगी कांग्रेस, 15 से जनसंघर्ष यात्रा
पूर्व विदर्भ में धान का मुद्दा प्रमुखता से उछालेगी कांग्रेस, 15 से जनसंघर्ष यात्रा

डिजिटल डेस्क,नागपुर। लोकसभा चुनाव की तैयारी के साथ सरकार के विरोध में जनांदोलन खड़ा करने का प्रयास कर रही कांग्रेस पूर्व विदर्भ में धान का मुद्दा प्रमुखता से उठाएगी। शहर व ग्रामीण क्षेत्र में विकास के असंतुलन को लेकर भी प्रचार किया जाएगा। 15 दिसंबर से 20 दिसंबर तक यहां के विविध जिलों में जनसंघर्ष यात्रा पहुंचेगी। प्रदेश कांग्रेस के सभी प्रमुख नेता जनसंघर्ष यात्रा में शामिल रहेंगे। पूर्व विदर्भ में जनसंघर्ष यात्रा को लेकर फिलहाल पूरा कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया है। लेकिन बताया जा रहा है कि रविवार से ही यहां जिला स्तर पर नियोजन बैठक होने लगेगी।

प्रदेश अध्यक्ष अशोक चव्हाण, पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष राधाकृष्ष्ण विखे पाटील, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी आशीष दुआ, प्रदेश महासचिव रामकृष्ष्ण ओझा, बालासाहब थोरात, विजय वडेट्टीवार, प्रदेश प्रवक्ता अतुल लोंढे, माणिकराव ठाकरे, नाना पटोले सहित अन्य नेता जनसंघर्ष यात्रा में प्रमुखता से शामिल रहेंगे। इस दौरान गुटबाजी में बंटे नेताओं को भी एक मंच पर लाने का प्रयास किया जाएगा।

विदर्भ में जारी है यात्रा

गौरतलब है कि सरकार की नीतियों व कार्यशैली का विरोध करते हुए प्रदेश कांग्रेस की ओर से 31 अगस्त से कोल्हापुर से जनसंघर्ष यात्रा की शुरुआत की गई है। यात्रा के माध्यम से जिला स्तर पर स्थानीय मुद्दे भी उठाए जा रहे हैं। 4 दिसंबर से पश्चिम विदर्भ में जनसंघर्ष यात्रा चल रही है। लेकिन पूर्व विदर्भ के लिए कार्यक्रम तय नहीं हो पाया था। पूर्व िवदर्भ में नागपुर, गोंदिया,भंडारा, चंद्रपुर, गडचिरोली व वर्धा जिले में जनसंघर्ष यात्रा पहुंचेगी। पूर्व विदर्भ में कांग्रेस में गुटबाजी के कारण पार्टी नेताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। लेकिन कांग्रेस के विविध कार्यक्रम भी हुए है। इंदिरा गांधी की जयंती पर कांग्रेस ने चंद्रपुर में बड़ी रैली की थी। ब्रम्हपुरी के नांदेड गांव में एचएमटी धान के संशोधक दादाजी गायकवाड को अभिवादन करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की उपस्थिति में बड़ी सभा आयोजित की गई। उसके बाद महात्मा गांधी की जयंती पर वर्धा में कांग्रेस की बड़ी सभा हुई।

नाना पटोले व आशीष देशमुख की ताकत देखेगी कांग्रेस

राहुल गांधी के अलावा सोनिया गांधी, मनमोहनसिंह सहित कांग्रेस के सभी प्रमुख नेता उपस्थित थे। उससे पहले आंबेडकर जयंती समाराेह का समापन कार्यक्रम नागपुर के कस्तूरचंद पार्क मैदान में आयोजित किया गया था। उसमें भी कांग्रेस के सभी प्रमुख नेता उपस्थित थे। कांग्रेस का मानना है कि विदर्भ में उसकी स्थिति काफी अच्छी है। केवल गुटबाजी से नुकसान हो रहा है। लिहाजा इस जनसंपर्क यात्रा के दौरान विविध गुट के नेताओं को भी साथ लिया जाएगा। इस यात्रा के दौरान नाना पटोले व आशीष देशमुख का राजनीतिक प्रभाव भी देखा जाएगा। दोनों नेता भाजपा छोड़ कांग्रेस में आए है। धान उत्पादन क्षेत्र में नाना पटोले का राजनीतिक प्रभाव बताया जाता रहा है।

Created On :   8 Dec 2018 7:28 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story