नागपुर में बनेगा आयुर्वेदिक वनस्पतियों का पहला उद्यान

Construction of Ayurvedic Botanical Garden in nagpur soon
नागपुर में बनेगा आयुर्वेदिक वनस्पतियों का पहला उद्यान
नागपुर में बनेगा आयुर्वेदिक वनस्पतियों का पहला उद्यान

डिजिटल डेस्क, नागपुर। उद्यानों के सौंदर्यीकरण को लेकर जहां मनपा गंभीर नहीं है, वहीं तुलसीनगर उद्यान को विकसित करने के लिए एक नई योजना तैयार की गई है। यह उद्यान नागपुर का पहला उद्यान होगा जहां आयुर्वेदिक वनस्पतियां लगाई जाएंगी। इसके अलावा इसे बटरफ्लाय प्वाइंट के रूप में भी विकसित किया जाएगा। मनपा सूत्रों के अनुसार हाल ही में राज्य सरकार की अमृत योजना में इस उद्यान को शामिल किया गया है।

सूत्रों की मानें तो 25 जून 2017 काे इस उद्यान के प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है। इसके लिए स्थायी समिति ने भी मंजूरी दे दी है। उद्यान के विकास के लिए 56 लाख रुपए मंजूर हो चुके हैं। इसी सप्ताह इसकी टेंडर प्रक्रिया पूरी की जाने वाली है। प्रक्रिया पूरी होते ही काम शुरू होगा।

12 से अधिक वनस्पतियों के पौधे रोपेंगे 

उद्यान का काम एक साल में पूरा होने का लक्ष्य रखा गया है। यहां 12 तरह की आयुर्वेदिक वनस्पतियों के पौधे और बटरफ्लाई को आकर्षित करने के लिए 12 से अधिक वनस्पतियों के पौधे होंगे। इससे पूरा वातावरण प्रदूषण मुक्त रहेगा। इसके अलावा पेड़-पौधों को पानी देने के लिए सिंचाई सिस्टम के फव्वारे, पार्किंग की व्यवस्था, बच्चों के लिए प्ले ग्राउंड आदि का समावेश होगा।

नाले का होगा सौंदर्यीकरण 

उद्यान के बीच बहने वाले नाले का सौंदर्यीकरण किया जाने वाला है। इस नाले पर वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जाने वाला है। नाले का पानी शुद्ध कर उद्यान के पेड़-पौधों को देने की योजना है। इस तरह यह नागपुर का पहला अनूठा उद्यान होने का दावा किया जा रहा है। हालांकि इस योजना का केवल अभी खाका ही बना है। 

  • जल्द ही होगा सौंदर्यीकरण
    नागपुर महानगर पालिका अपने उद्यानों के रखरखाव व सौंदर्यीकरण को लेकर सतर्क रहती है। तुलसीनगर उद्यान के सौंदर्यीकरण की योजना बनकर तैयार है। सरकार की अमृत योजना अंतर्गत इसका विकास किया जाने वाला है। इसकी सारी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं। यहां आयुर्वेदिक वनस्पति उद्यान बनाने के लिए 56 लाख रुपए की योजना है। कुछ ही दिनों में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर काम शुरू किया जाएगा। एक साल में इसका काम पूरा हो जाएगा। नागपुर महानगर पालिका की यह अनूठी और पहली योजना है, जो आयुर्वेदिक थीम पर आधारित है। -सुधीर माटे, उद्यान अधीक्षक, मनपा

Created On :   2 July 2017 7:18 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story