महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश की बार्डर पार कराने मनमानी वसूली

Contemptuous recovery of Maharashtra and Madhya Pradesh crossing the borders
महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश की बार्डर पार कराने मनमानी वसूली
महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश की बार्डर पार कराने मनमानी वसूली

डिजिटल डेस्क, नागपुर। मध्य प्रदेश से महाराष्ट्र आने वाले तथा महाराष्ट्र से मध्य प्रदेश जाने वाले यात्रियों को बस वाले खवासा बार्डर के पहले एक ढाबे पर उतार दिया जा रहा है। यहां से कार वाले मनमाना किराया वसूलकर बॉर्डर पार कराते हैं। इसके बाद आगे फिर से बस खड़ी रहती है, जिससे यात्री गंतव्य तक जाते हैं। 

ढाबे बने ठिकाने
 खवासा बॉर्डर के आसपास बने ढाबे इस अवैध आवाजाही के ठिकाने बने हुए हैं। यात्रियों को महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश की सीमा के समीप खवासा बार्डर के आसपास बने ढाबों पर बस वाले छोड़ रहे हैं। यहीं पर टैक्सियां खड़ी मिलती हैं, जो तिगुना किराया वसूलकर आगे का सफर कराती हैं। बॉर्डर से करीब 10 किलोमीटर के सफर के एक-एक यात्रियों से 500-500 रुपए तक वसूले जा रहे हैं। ये टैक्सियां मध्य प्रदेश के मीठेवानी (सेटेवानी) आरटीओ बॉर्डर पार कराती हैं। यहां लगी बस इन्हें आगे ले जाती है। इसी तरह नागपुर से रीवा, नागपुर से मंडला तक के लिए यात्रियों से मनमाना किराया वसूला जा रहा है।

समय और पैसा हो रहा बर्बाद
सोमवार शाम 5 बजे के करीब खवासा बॉर्डर के पास एक होटल में काफी बसें रुकी थीं। इसमें बैठी सवारियां यहां उतरीं। इसके बाद टैक्सियों में ज्यादा किराया देकर बाॅर्डर पार किया। एक बस हैदराबाद से आई थी, जो उत्तर प्रदेश जा रही थी। इसे बाॅर्डर पर रोका गया था। बस सोमवार सुबह 5 बजे से यहां खड़ी थी, क्योंकि इसमें 50-60 सवारी थी। बॉर्डर पार करने के जुगाड़ में बस चालक लगा हुआ था।

महाराष्ट्र में बढ़ते कोरोना संक्रमण को देखते हुए मध्य प्रदेश सरकार ने 21 से 31 मार्च तक यात्री बसों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। इसके बावजूद नागपुर व आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में यात्रियों को बसों से खवासा बॉर्डर तक ले जाया जा रहा है। यहां से यात्रियों को टैक्सी में बैठाया जाता है और बॉर्डर पार कराया जाता है। इसके एवज में यात्रियों से तिगुना ज्यादा किराया वसूल किया जा रहा है। खास बात यह है कि इस पूरे नेटवर्क पर न पुलिस की नजर है, न ही आरटीओ की यदि बॉर्डर पार करने के लिए मोटी रकम चुकाने को तैयार हैं, तो आपके लिए कोरोना का संक्रमण नहीं है

Created On :   24 March 2021 6:07 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story