कोरोना भगाने का करता था दावा, ढोंगी बाबा पकड़ाया

Corona claimed to be exterminated, impersonator caught Baba
कोरोना भगाने का करता था दावा, ढोंगी बाबा पकड़ाया
कोरोना भगाने का करता था दावा, ढोंगी बाबा पकड़ाया

डिजिटल डेस्क, नागपुर।  कोरोना भगाने का दावा करने वाले ढोंगी बाबा को अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के सदस्यों की सहायता से एमआईडीसी पुलिस ने  उसके घर से गिरफ्तार किया है। आरोपी शुभम तायडे पंचशील नगर निवासी है। शुभम ने घर में ही अंधआस्था का दरबार लगा रखा था। राज्य भर में संचारबंदी लागू है, लेकिन शुभम के दरबार में करीब 50 लोग पाए गए। पुलिस ने विविध धाराओं के तरह प्रकरण दर्ज किया है। 

कोविड संक्रमण के उपचार का दावा
शुभम कोविड संक्रमण के उपचार का दावा करता था। इसके अलावा भूतबाधा, गुप्तधन दिलाने, धनवर्षा कराने का दावा भी करता था। उसके दरबार में रोजाना लोगों की भीड़ लगी रहती थी। एक पीड़ित महिला के अनुसार ढाेंगी बाबा ने उसके परिवार को भी बर्बाद करने का प्रयास किया। उसके चरित्र को लेकर उसके पति को भ्रमित करने की कोशिश की। बाबा की ओर से रुपयों के अलावा अन्य मांग की जाती रही। धनवर्षा व गुप्तधन के लिए वह नरबलि के लिए भी उकसाने लगा था। कोविड संक्रमित लोग भी उसके प्रभाव में आकर उसके दरबार में पहुंचने लगे। वह कभी अपने शरीर में देवी शक्ति के संचार का दावा करता, तो कभी नागदेवता की सवारी आने का दावा करता था।

पुलिस को देख बोलती बंद
गुरुवार की रात करीब 9 बजे अंधश्रद्धा निर्मूलन समिति के सदस्यों के साथ पुलिस की टीम पंचशीलनगर में शुभम के दरबार में पहुंची। उस समय वह जमीन पर लोटपोट कर रहा था। दरबार में लोगों की संख्या अधिक थी। पुलिस को देखते ही शुभम माफी मांगने लगा। वह किसी भी तरह का इलाज करने से इनकार करने लगा। पुलिस उसे थाने लेकर गई और कार्रवाई शुरू की। कार्रवाई मेें अंनिस के पदाधिकारी हरीश देशमुख, छाया सावरकर, नरेश निमजे शामिल थे।

भास्कर ने किया था सचेत
शहर की निचली बस्तियों में कोरोना भगाने के नाम पर ठगनेवाले ढोंगी बाबाओं के गिरोह सक्रिय होने की खबर दैनिक भास्कर ने प्रकाशित की थी। लोगों को सचेत किया था कि इस तरह के किसी भी बहकावे में न आएं। कोविड संक्रमण के उपचार में विलंब जानलेवा हो सकता है। इसके अलावा विविध टोटकों व मनगढ़ंत उपचार सामग्रियों का इस्तेमाल भी खतरनाक है। शुभम तायडे के दरबार में दूर-दराज से लोग उपचार के लिए आते रहे हैं।
 

Created On :   15 May 2021 2:23 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story