- Home
- /
- सफाई के नाम पर लाखों डकारे, रात के...
सफाई के नाम पर लाखों डकारे, रात के अंधेरे में कर दिया 17 हजार क्विंटल गेहूं अपग्रेड

डिजिटल डेस्क कटनी । नागरिक आपूर्ति निगम और वेयरहाउस संचालक की मिलीभगत से मानक स्तर के गेंहू को रातो-रात अमानक कर दिया गया। अपग्रेडेशन के नाम पर गेंहू की बोरी में आधी मिट्टी मिला दी गई। अब उसी गेंहू को साफ-सफाई करने के नाम पर सरकार का लाखों रुपए खर्च किया जा रहा है। मामले का खुलासा होने पर विभाग इसकी लीपापोती में जुट गया है। इसी मामले के लेकर अगले माह के पहले सप्ताह में प्रमुख सचिव नीलम शमी राव कटनी आएंगी।
मार्कफेड और नान आमने-सामने
अमानक गेंहू के नाम पर मार्कफेड और नागरिक आपूर्ति निगम आमने-सामने आ गए है। नागरिक आपूर्ति निगम के अफसरों का कहना है कि जबलपुर मार्कफेड ने मुख्यालय से्तर के निर्देश पर कटनी जिले में 17530 क्विंटल गेंहू अमानक स्तर का भेजा है। गेंहू में भारी मात्रा में मिट्टी मिली थी। स्लीमनाबादस्थित भोलाराम वेयरहाउस में उसका अपग्रेडेशन किया जा रहा है। वहीं, इस संदर्भ में मार्कफेड के अफसरों का कहना है कि नागरिक आपूर्ति निगम के अफसरों द्वारा गेंहू मंगाया गया था। विभाग ने मानक स्तर का गेंहू कटनी भेजा था, अब वेयरहाउस में कैसे खराब हो गया, इसके बारे में नान अफसर और वेयरहाउस संचालक ही जानकारी दे सकते है।
10 हजार क्विंटल और आएगा
नागरिक आपूर्ति निगम के अफसरों ने बताया कि अभी 10 हजार क्विंटल गेंहू जबलपुर से और मंगाया गया है। जिले में पर्याप्त मात्रा में भंडारण के बाद गेंहू मंगाया जाना विभाग के उपर सवालिया निशान खड़ा कर रहा है। गौरतलब हो कि जिले में 17530 क्विंटल गेंहू जबलपुर से मंगाया गया है। वेयरहाउस और नान की मिलीभगत से अपग्रेडेशन के नाम पर लाखों रुपए का घपला किया जा रहा है।
इन सवालों का जबाब नहीं मिला
1-जिले में गेंहू किसके आदेश पर आया
2-मार्कफेड ने कितना गेंहू भेजा
3-यदि खराब (अमानक स्तर का) गेंहू जिले में आया तो जिला प्रशासन को सूचना
क्यों नहीं दी गई
4-समिति के सामने दिन में अपग्रेडेशन क्यों नहीं हुआ
5-रात में अपग्रेडेशन की जरूरत क्यों पड़ी
6-कलेक्टर के संज्ञान में क्यों नहीं दिया गया
7-सफाई के लिए टेंडर बुलाया गया या नहीं
8-रोज कितना अपग्रेड हुआ, इसकी जानकारी समिति सहित जिला प्रशासन को क्यों
नहीं दी गई। स्लीमनाबाद में ही क्यों हो रहा अपग्रेडेशन
इनका कहना है
मुख्यालय स्तर से 17 जिलों में गेंहू भेजा गया है, जिसमें कटनी भी शामिल है। मार्कफेड जबलपुर द्वारा भेजे गए गेंहू में मिट्टी की मात्रा अधिक है। उसे साफ-सुथरा कर अपग्रेड किया जा रहा है।
- संजय सिंह, प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम
नियम के तहत गेंहू का अपग्रेडेशन किया गया है। गेंहू में थोड़ी-बहुत मिट्टी थी। उसे साफ कर दिया गया है।
- रवि दुबे, संचालक, भोलाराम वेयरहाउस स्लीमनाबाद
Created On :   9 March 2018 2:37 PM IST