- Home
- /
- मनरेगा में मनमानी, मजदूरों ने कहा-...
मनरेगा में मनमानी, मजदूरों ने कहा- 6 की जगह भरा रहे 12 गढ्ढे

डिजिटल डेस्क, मंडला। मंडला जनपद की ग्राम पंचायत टिकरवारा मे मनरेगा के तहत पौधरोपण किया जा रहा है। 2 जुलाई से शुरू हुए अभियान में 6 हजार से ज्यादा पौध रोपे जाने हैं। यहां मजदूरों ने पंचायत पर मनमाना काम कराने के आरोप लगाए हैं। मजदूरों ने ठेका से काम नहीं करने की बात कही है। इसकी शिकायत जिला प्रशासन से की गई है।
जानकारी के मुताबिक टिकरवारा पंचायत में पौधरोपण के लिए करीब एक सैकड़ा मजदूर काम कर रहे है। लक्ष्मी नंदा, मीना रजक, मुन्नु नंदा ने बताया है कि पंचायत में सचिव द्वारा एक मजूदर से पोधरोपण के 12 गढ्ढे भरने के लिए कहा जा रहा है। मशीन से गढ्ढा कराए जाने के कारण चौड़ाई और लम्बाई ज्यादा है। दो मजदूर 6 गढ्ढे तक भर सकते हैं, लेकिन पंचायत ठेका में मनमाना काम कराना चाह रही है।
मजदूरों का आरोप है कि पंचायत में सचिव के द्वारा दुर्व्यवहार पूर्वक बात की जा रही है। जिसके चलते मजदूरों में रोष व्याप्त है। मजदूरों ने प्रशासन से शिकायत कर मांग की है कि नियम के तहत काम लिया जाए। ठेका में मजदूर काम नहीं करेगे। प्रशासन ने जांच की आश्वासन दिया है।
टिकरवारा ग्राम पंचायत के सचिव कमलकिशोर कछवाहा ने कहा कि 3 जुलाई को 93 मजदूर काम कर रहे थे, जिसमें 100 गढ्ढे भरे गए हैं। एक मजदूर को कम से कम 5 गढ्ढे भरने चाहिए काम की प्रगति को लेकर बोला गया था, नियम के तहत बीस पोधे एक दिन मे लगाने चाहिए।
Created On :   4 July 2017 8:19 PM IST