- Home
- /
- देवली कृषि मंडी समिति में बढ़ी कपास...
देवली कृषि मंडी समिति में बढ़ी कपास की आवक

डिजिटल डेस्क, देवली (वर्धा)। बाजार में कपास को अच्छे दाम मिलने से किसानों को राहत मिली है। फिलहाल देवली बाजार में कपास की बिक्री जोरों पर है। देवली के कृषि उपज बाजार समिति में बड़े पैमाने में कपास के वाहनों की आवक शुरू है। रोजाना करीब 300 के उपर कपास के वाहन दाखिल हो रहे हैं। अब तक किसानों ने 1 लाख 40 हजार क्विंटल कपास की बिक्री की है। इस बाजार में अन्य जिलों के किसानों का कपास भी बिक्री के लिए आ रहा है। देवली में कपास खरीदने जिनिंग व कपास खरीदी करने वाले व्यापारियों की संख्या बढ़ गयी है। शहर के जय बजरंग जिनिंग में 32 हजार 152 क्विंटल, संजय इंडस्ट्रीज में 5 हजार 616 क्विंटल, अशोक इंडस्ट्रीज में 1 हजार 190 क्विंटल, श्रीकृष्ण जिनिंग में 20 हजार 92 क्विंटल, शिरपुर इंडस्ट्रीज में 17 हजार 217 क्विंटल तथा एसआर इंडस्ट्रीज में 5 हजार 231 क्विंटल कपास की खरीदी की गयी है।
गत वर्ष कपास की आवक बढ़ने से व्यापारियों ने कपास के दाम घटाकर किसानों का कपास खरीदा था। गत वर्ष कुल 3 लाख 13 हजार 442 क्विंटल कपास की खरीदी की गयी थी। उस समय कपास को 4 हजार 600 प्रति क्विंटल तक दाम दिए गए थे। इस बार कपास को समर्थन दाम से अधिक दाम है। इस कारण किसानों को सोयाबीन का हुआ नुकसान भरकर निकलेगा ऐसा लगता था। लेकिन इस बार कपास पर बोंड इल्ली का प्रकोप होने से उत्पादन घट गया और अनेक किसानों को बढ़ते दाम का लाभ नहीं मिला। इस वर्ष शुरुआत से ही कपास को 6 हजार 500 रुपए प्रति क्विंटल दाम मिलना शुरू होकर आज यह दाम 8 हजार 500 रुपए प्रति क्विंटल तक पहंुचे हैं। देवली बाजार में तेज गति से कपास की खरीदी शुरू होने से सभी किसानों का इस बाजार की ओर कपास बिक्री के लिए झुकाव बढ़ने से देवली कृषि उपज बाजार समिति में कपास की आवक बढ़ गयी है।
Created On :   11 Dec 2021 7:42 PM IST