इस साल भी कीड़ों से प्रभावित हैं 519 गांवों में कपास की फसलें

Cotton crops in 519 villages are also affected by insects this year
इस साल भी कीड़ों से प्रभावित हैं 519 गांवों में कपास की फसलें
इस साल भी कीड़ों से प्रभावित हैं 519 गांवों में कपास की फसलें

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश में कपास की फसलों पर इस साल भी सफेद इल्ली (शेंदरी बोंडअली) रोग का प्रकोप है। इस वर्ष खरीफ फसल सत्र में राज्य के 20160 गांवों में कपास की बुवाई हुई है। इसमें से 5303 गांवों में किए गए कीट व रोगों के सर्वेक्षण में 519 गांवों में सफेद इल्ली का प्रभाव पाया गया है। यानी 26 प्रतिशत गांवों में किए गए सर्वेक्षण में 10 प्रतिशत गांवों की कपास की फसलों को क्षति पहुंची है।

यह सर्वेक्षण 16 से 22 अगस्त के बीच किया गया था। पुणे स्थित कृषि आयुक्तालय की रिपोर्ट में यह जानकारी सामने आई है। इसके अनुसार राज्य के 150 गांवों में सफेद इल्ली के चलते कपास की फसलें पूरी तरह से चौपट हो सकती हैं। प्रदेश सरकार के कृषि विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि राज्य में 41 लाख 22 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में कपास की बुवाई हो चुकी है। जो कि पिछले साल की तुलना में 2 प्रतिशत कम है।

कृषि आयुक्तालय के अनुसार राज्य में फसलों पर लगने वाले कीड़ों के रोकथाम के लिए किसानों के बीच जनजागृति की जा रही है। सरकार की तरफ से किए गए उपायों के कारण 698 गांवों में से 548 गांवों में सफेद इल्ली के कीड़े नियंत्रण में है। राज्य में फसलों पर लगने वाले कीड़ों के प्रबंधन के लिए किसानों को मोबाइल पर एसएमएम भेजे जा रहे हैं। राज्य के 113 लाख 22 हजार किसानों को एसएमएम भेजे जा चुके हैं। 

 

Created On :   2 Sept 2018 6:31 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story