- Home
- /
- प्रेमिका ने शादी से किया इनकार,...
प्रेमिका ने शादी से किया इनकार, सिरफिरे आशिक ने राहगीरों पर किया हमला
2_730X365.jpg)
डिजिटल डेस्क, नागपुर। एक युवती के प्यार में पागल आशिक ने उसके शादी से इनकार करने पर राह से गुजरने वाले लोगों पर अपना गुस्सा निकालते हुए घातक शस्त्र से वार कर दिया। पांचपावली थानांतर्गत प्रेमिका के शादी करने से इनकार करने पर नाराज प्रेमी ने 5 लोगों पर घातक शस्त्र से हमला कर उनकी हत्या का प्रयास किया। कहा जा रहा है कि आरोपी प्रेमी के सामने जो आता गया वह उस पर वार करता गया। घटना पांचपावली क्षेत्र में हुई। पुलिस ने आरोपी रितिक उर्फ सोमेश विलास पराते (19) पांचपावली निवासी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सोमेश पराते बेरोजगार है, उसे शराब पीने की लत है। वह दो वर्ष पहले गणेशपेठ क्षेत्र में एक कॉलेज में पढ़ता था। इस कॉलेज में पढ़ने वाली छात्रा से उसकी दोस्ती हो गई। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध जुड़ गया। दोनों के बीच मुलाकातों का सिलसिला शुरू हो गया। दोनों के बीच प्रेम संबंध चलता रहा। बारहवीं के बाद दोनों ने अलग-अलग कॉलेज में प्रवेश लिया। छात्रा के घर की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण वह एक कूलर कंपनी में नौकरी करने लगी। उसने पढ़ाई छोड़ दी। सोमेश बेरोजगार होकर घूम रहा था। उसे शराब पीने की लत लग गई। इस दौरान सोमेश ने युवती के सामने शादी करने का प्रस्ताव रखा। उसने सोमेश के बेरोजगार होने और भविष्य की चिंता करते हुए उससे शादी करने से इनकार कर दिया। वह कुछ माह से सोमेश से दूरी बनाने की कोशिश कर रही थी।
सोमेश उसका पीछा करने लगा था। वह उससे बार-बार शादी करने की बात करता था। सोमवार की रात करीब 9.30 बजे वह युवती के पास गया। उसने उससे शादी करने की बात पूछा। शादी से इनकार करने पर इस बात से चिढ़कर आरोपी सोमेश ने राजू गोविंदराव नंदनवार (तांडापेठ, जुनी वस्ती), जीतेंद्र गुलाबराव मोहाडीकर (42), रमेश श्रावण निखारे (50), प्रतीश सुरेंद्र खापरे और मोहम्मद शेख अंसारी (35) पर चाकू से हमला कर दिया। बताया जाता है कि ये घायल लोग वे लोग हैं, जो रास्ते से जा रहे थे। आरोपी सोमेश के सामने आने पर उसने इन लोगों पर जानलेवा हमला किया। सभी घायलों का शासकीय अस्पताल में उपचार चल रहा है। पांचपावली पुलिस ने आरोपी सोमेश के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
Created On :   27 Feb 2019 12:24 PM IST