- Home
- /
- खरीफ में फसल नुकसान, 4739 किसानों...
खरीफ में फसल नुकसान, 4739 किसानों की कर्जमाफी अटकी

डिजिटल डेस्क, अमरावती। खरीफ सत्र 2021 के दौरान हुई अतिवृष्टि तथा आेलावृष्टि के कारण कपास, तुअर, सोयाबीन, संतरा उत्पादक किसानों को बड़े पैमाने पर नुकसान उठाना पड़ा था। कृषि विभाग द्वारा किए गए पंचनामें के अनुसार करीब 30 प्रतिशत फसलंे नुकसानग्रस्त हुई थी। जिला प्रशासन द्वारा 1 लाख 47 हजार किसानों को कर्जमाफी देने की सिफारिश राज्य सरकार से की गई थी। राज्य सरकार द्वारा कर्जमाफी की अंतिम किश्त भेजी जा चुकी है लेकिन जरूरी प्रक्रिया पूरी न होने के कारण 4 हजार 739 किसानों की कर्जमाफी खटाई में पड़ती दिखाई दे रही है।
कृषि विभाग की ओर से इन किसानों को कर्जमाफी का लाभ लेने के लिए नए सिरे से जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने की सूचना दी गई है। साथ ही यह आदेश भी जारी किया गया है कि 29 मार्च से पहले सभी 4 हजार 739 किसान अपने बैंक खातों को आधार से लिंक कराएं। ऐसा न होने की स्थिति में कर्जमाफी के करीब 1 करोड़ 79 लाख 28 हजार रुपए वापस लौट सकते हंै। गत माह 25 फरवरी को राज्य सरकार द्वारा कर्जमाफी की अंतिम किश्त के तौर पर 43 करोड़ रुपए की निधि जिला प्रशासन को उपलब्ध कराई गई थी।
Created On :   9 March 2022 2:18 PM IST