कंबल से लदा कंटेनर चोरी करने वाले को सीसीटीवी फुटेज से किया गिरफ्तार
डिजिटल डेस्क, नागपुर। वर्धमान नगर से कंबल से लदे कंटेनर को चुराने वाले आरोपी संजय गोविंदराव ढोणे, जयहिंद नगर, मानकापुर निवासी को लकडगंज पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कंटेनर का चालक रईस खान वाहन में चाबी लगी छोड़कर चाय-नाश्ता कर रहा था। इसी दौरान मौका पाकर आरोपी संजय ढोणे कंटेनर लेकर गायब हो गया। रईस खान ने लकड़गंज थाने में शिकायत की।
धापेवाड़ा में पकड़ा गया आरोपी
चालक रईस ने पुलिस को बताया कि, वह कंटेनर में हरियाणा से नागपुर के लिए कंबल लादकर लाया था। थानेदार नरेंद्र हिवरे के मार्गदर्शन में लकड़गंज पुलिस ने शहर के सीसीटीवी फुटेज से कंटेनर के बारे में जानकारी हासिल की। कंटेनर सावनेर रोड से जाते समय फुटेज में नजर आया। पुलिस ने छानबीन शुरू की तो पता चला कि, आरोपी ने कंटेनर क्र.-एच.आर.-38-ए.बी.-4425 धापेवाड़ा रोड पर पंकज पान पैलेस के पास खड़ा किया है। पुलिस का एक दल मौके पर पहुंचा और कंटेनर सहित आरोपी संजय को अपने कब्जे में लिया। पूछताछ में वह पुलिस को टालमटोल जवाब देने लगा। कड़ी पूछताछ करने पर उसने सच उगल दिया।
Created On :   13 Aug 2020 8:05 AM GMT