- Home
- /
- सिलेंडर में विस्फोट से आग ,...
सिलेंडर में विस्फोट से आग , अंजनगांव में धधका डंपिंग ग्राउंड

डिजिटल डेस्क, पथ्रोट/अंजनगांव सुर्जी। अमरावती जिले के पथ्रोट में एक चाट व्यवसायी के घर महिलाआंे द्वारा चाट बनाते वक्त सिलेंडर में हुए विस्फोट से आगजनी की व्यापक घटना सामने आई। इसी तरह अंजनगांव सुर्जी तहसील के नगर परिषद डपिंगयार्ड में आगजनी का मामला सामने आया है। आगजनी की इन दोनों ही घटनाओं में केवल आर्थिक नुकसान होने की जानकारी सामने आई है। सिलेंडर विस्फोट मामले में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल बताया गया है। स्थानीय नगर परिषद के अग्निशमन विभाग द्वारा इन दोनों ही आग की घटनाओं को काफी मशक्कत के बाद काबू में कर लिया गया है।
चाट बनाते वक्त हुआ हादसा : पथ्रोट के चाट व्यवसायी भीमराव सदाफले के घर में सोमवार की देर शाम चाट बनाते वक्त सिलेंडर में विस्फोट के कारण बेटा गंभीर रूप से जख्मी हो गया। जख्मी युवक का नाम गणेश सदाफले है। भीमराव सदाफले गांव में पानीपुरी व चाट भंडार की दुकान चलाते है। इसके लिए उनकी पत्नी कांता व बहू अलका सदाफले घर पर कचोरी बना रही थी। तभी अचानक सिलेंडर में आग लग गई। आग से घबराकर सभी लोग घर से बाहर निकल गए। तभी आग की जानकारी गणेश को मिली। जानकारी मिलते ही गणेश ने घर पहुंचकर आग को बुझाने का प्रयास किया। तभी सिलेंडर धमाका होने से वह आग की चपेट में आ गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस व स्थानीय दमकल विभाग ने आग को नियंत्रित किया और घायल को उपजिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती किया।
डम्पिंग यार्ड पर आए दिन लगती है आग
अंजनगांव सुर्जी के डंपिंग ग्राउंड पर नगर परिषद क्षेत्र से रोजाना जमा होने वाले कचरे को जमा किया जाता है। सोमवार की देर रात यहां अचानक भयावह आग लग गई। पास के संतरा मंडी में काम करने वाले मजदूरों ने आग की लपटंे देखकर आग के संदर्भ में डपिंगयार्ड पर काम करने वाले नगर परिषद के कर्मचारियों से इस संदर्भ में बात की तो उन्होंंेने किसी भी प्रकार का जवाब नहीं दिया। इस आग को नियंत्रित करने के लिए अंजनगांव, आकोट, दर्यापुर इन तीन स्थानों से दमकल के वाहन बुलाए गए थे। इस आग को दो घंटों की मशक्कत के बाद नियंत्रित कर लिया गया। कंपोस्ट डिपो में बार-बार लगने वाली इस आग को लेकर नगर परिषद की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे है। कंपोस्ट डिपो में जैविक खाद तैयार की जाती है। जैविक खाद की खरीदी और बिक्री को लेकर लाखों रुपए के भ्रष्टाचार का आरोप भी विपक्ष की ओर से लगाया जाता है। यह आरोप सामने आने के बाद ही कंपोस्ट डिपो पर आग लगनी की घटना कई तरह के सवालों को जन्म दे रही है।
Created On :   16 Feb 2022 1:23 PM IST