नागपुर सहित आसपास के डैम ओवर फ्लो, गेट खोले

डिजिटल डेस्क,नागपुर। लगातार हो रही बारिश ने उपराजधानी से लेकर ग्रामीण इलाके तक के जलाशयों को लबालब कर दिया है। नागपुर शहर में अंबाझरी, फुटाला, गांधी सागर सहित ताेतलाडोह डैम, खेकरानाला और पेंच नदी उफान पर हैं। तोतलाडोह के सभी 14 गेट 2 मीटर तक, खेकरानाला डैम के 4 गेट 25 सेंटीमीटर तक, पेंच (नवेगांव जलाशय) के 8 गेट 2.50 और 8 गेट 2 मीटर तक खोलने पड़े हैं। पेंच नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। केसरनाला, उमरी, कोलार, कान्हादेवी, भागे माहेरी, खुमारी नाला, नांदा तालाब भी ओवरफ्लो के करीब हैं।
तोतलाडोह डैम के 14 गेट खोले
मानसून की मेहरबानी के कारण तोतलाडोह जलाशय में शुक्रवार दोपहर 2 बजे तक 97.30 प्रतिशत पानी भर गया था। डैम के सभी 14 गेट 0.50 मीटर तक खोले गए थे। सिंचाई उपविभागीय अभियंता राजेश धोटे ने बताया कि बाद में लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए शाम 5 बजे सभी गेट को दो मीटर तक खोला गया। 2842.38 क्यूसेक पानी निकल रहा है। डैम का जलस्तर 489.65 मीटर और जल भंडारण 989.454 क्यूसेक (97.30 प्रतिशत) है। 14 गेट से 2727.34 क्यूसेक और जनरेशन से 115.04 क्यूसेक पानी निकल रहा है।
पेंच के पहले 16 गेट 1 मीटर तक खोले थे
30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित पेंच यानी नवेगांव जलाशय भी भर गया है। इस कारण पेंच के 16 गेट 1.0 मीटर तक खोल दिए गए थे। इसके बाद बढ़ते प्रवाह के चलते शाम 6 बजे 8 गेट 2.5 मीटर और 8 गेट 2 मीटर तक खोले गए हैं। पेंच नदी उफान पर है। लगातार बदलती स्थिति पर सिंचाई विभाग के अधिकारी नजर रखे हुए हैं।
सावनेर के अधिकतर जलाशय ओवरफ्लो की स्थिति में
सावनेर सिंचाई उपविभाग अंतर्गत आने वाले 13 लघु व मध्यम प्रकल्प में अधिकतर जलाशय ओवरफ्लो की स्थिति में हैं। शुक्रवार शाम 5 बजे खेकरानाला तालाब लबालब होने के कारण 25 सेंटीमीटर तक 4 गेट खोले गए हैं। 13 लघु व मध्यम प्रकल्प में भी स्थिति लगातार बदल रही है। सिंचाई विभाग के वरिष्ठ लिपिक कुकड़े ने बताया कि केसरनाला में 68.95, उमरी में 81.19, कोलार में 68.68, कान्हादेवी में 71.13, भागे माहेरी में 85.56, खुमारी नाला में 60.21, नांदा में 61.71 प्रतिशत पानी है। इसी प्रकार रातभर बारिश होती रही, तो शनिवार सुबह तक 4-5 तालाब ओवरफ्लो हो जाएंगे।
Created On :   29 Aug 2020 1:56 PM IST