- Home
- /
- रिसॉर्ट के नाम पर चल रहा था डांस...
रिसॉर्ट के नाम पर चल रहा था डांस बार, 16 लड़कियों समेत 31 गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। कोरोना संक्रमण रोकने के लिए लगी पाबंदियों के बीच मुंबई और आसपास के इलाकों में कई जगहों पर नियमों को ताक पर रखकर डांस बार चल रहे हैं। महानगर से सटे विरार इलाके में एक रिसार्ट में चल रहे डांस बार पर पुलिस ने छापा मारकर 16 बार बालाओं समेत 31 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर विरार-वज्रेश्वरी मार्ग पर स्थित मॉस नाम के रिसार्ट पर छापा मारा। इसके अलावा मुंबई के मालाड इलाके में भी पुलिस ने एक बार पर छापा मारकर 10 लोगों को गिरफ्तार किया है जबकि वहां मौजूद 4 लड़कियों को रिहा कराया गया है।
विरार पुलिस ने सीनियर इंस्पेक्ट सुरेश माने की अगुआई में गुरूवार और शुक्रवार की दरमियानी रात को मॉस नाम के रिसॉर्ट पर छापा मारा। पुलिस ने पाया कि रिसॉर्ट के नाम पर यहां डांस बार चल रहा है। आधी रात को लड़कियां नाच रहीं हैं और ग्राहकों को शराब परोसी जा रही है। पुलिस ने जांच के दौरान पाया कि यहां डांस बार चलाने के लिए कोई आधिकारिक अनुमति नहीं ली गई थी। इसके अलावा कोरोना संक्रमण से जुड़े दिशानिर्देशों का भी उल्लंघन किया जा रहा था। पुलिस के मुताबिक यहां के डांसबार में नाच रही लड़कियों को मुंबई के अंधेरी इलाके से लाया गया था। छापेमारी के दौरान 2 लाख 30 हजार रुपए नकद भी बरामद किए गए हैं। आरोपियों के खिलाफ अवैध रुप से डांस बार चलाने के साथ कोरोना संक्रमण से जुड़े दिशानिर्देशों के उल्लंघन के आरोप में भी संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
मुंबई में भी बार पर छापा
महानगर के मालाड इलाके में स्थित मूड बार पर छापा मारकर पुलिस ने कोरोना संक्रमण के नियमों के उल्लंघन के आरोप में छह ग्राहकों समेत 10 लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक उसने बार में काम कर रही चार लड़कियों को भी रिहा कराया है। डीसीपी विशाल ठाकुर की अगुआई में पुलिस की टीम ने गुरूवार रात 10 बजे के करीब मूड बार पर छापा मारा गया।
Created On :   6 Aug 2021 7:24 PM IST