- Home
- /
- संपत्ति के लिए बहू ने की सास की...
संपत्ति के लिए बहू ने की सास की हत्या, आरोपी महिला गिरफ्तार

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महानगर के चेंबूर इलाके में हुई एक 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए पुलिस ने उसकी ही बहू को गिरफ्तार किया है। छानबीन में खुलासा हुआ है बहू घर समेत सास की सारी संपत्तियां अपने नाम करना चाहती थी जिसे लेकर दोनों के बीच आए दिन विवाद होता रहता था। आखिरकार सोमवार को हुए विवाद के बाद 32 वर्षीय बहू ने सास की जान ले ली। दरअसल सजनाबाई पाटिल को उनका पोता राजाबाई अस्पताल में यह कहते हुए दाखिल करने ले गया था कि पैर फिसलने के चलते वे बाथरूम में गिर गई लेकिन दाखिल करने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। जांच के दौरान डॉक्टरों ने पाया कि सजनाबाई के शरीर पर धारदार हथियार से 14 वार किए गए हैं इसके बाद उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। जिसके बाद मामले की सूचना तिलकनगर पुलिस को दे दी गई।
अस्पताल से जानकारी मिलने के बाद तिलक नगर पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की गई थी। जांच के दौरान घर के कपाट में रखा सामान अस्त-व्यस्त मिला इससे पुलिस को शक था कि शायद किसी ने लूटपाट के इरादे से महिला की हत्या की हो। लेकिन पूछताछ के दौरान सजनाबाई की पोती ने पुलिस वालों के सामने खुलासा कर दिया कि उसकी मां और दादी के बीच वारदात के दिन विवाद हुआ था। इसके बाद पुलिस ने सजना भाई की बहू अंजना से कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। छानबीन में खुलासा हुआ है कि सजना बाई के पति की मौत हो चुकी है उनकी कोई संतान नहीं थी। इसीलिए उन्होंने अपनी बहन के बेटे दिनेश पाटिल को गोद ले लिया था। दिनेश की पत्नी अंजना की अपने सास के घर पर नजर थी वह उसे अपने नाम कराना चाहती थी। इसके अलावा उसके साथ के कुछ और घर थे जिनके किराए के पैसे आते थे। अंजना चाहती थी कि सास से पैसे दे इसी बात पर दोनों में अक्सर विवाद होता रहता था। विवाद बढ़ा तो नाराज अंजना ने अपनी सास की धारदार हथियार से हत्या की और बाद में गला दबाकर उसकी जान ले ली।
Created On :   17 July 2020 7:02 PM IST