- Home
- /
- बेटी के देवर ने साथियों के साथ...
बेटी के देवर ने साथियों के साथ मिलकर उतारा मौत के घाट
डिजिटल डेस्क, नागपुर। हुड़केश्वर क्षेत्र में अपनी भाभी के पिता हरिलाल गोस्वामी (55) की हत्या करने के आरोप में पुलिस ने देवर सहित 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। हत्या का आरोप हरिलाल की बेटी के देवर और उसके दोस्त पर है। पुलिस ने देवर नितीन सोलंकी (30) साईं नगर और राजू रानडे (32) शांतिनगर निवासी को गिरफ्तार किया है। 17 जनवरी की रात में हरिलाल को उसकी बेटी जब खाने का डिब्बा देने गई, तब उसने बदसलूकी का प्रयास किया। यह बात उसकी बेटी के देवर नितीन को पता लग गई। अपने मित्र के साथ मिलकर नितीन ने अपनी भाभी के पिता हरिलाल का खात्मा कर दिया। हत्या के बाद उसके शव को ठिकाने लगाने का भी प्रयास किया गया।
यह है मामला : पुलिस सूत्रों के अनुसार, हरिलाल गोस्वामी की हत्या के बाद उसका शव नितीन और राजू ने पिपला रोड पर नाले में फेंक दिया। हुड़केश्वर पुलिस को इसकी भनक लगी। पुलिस ने शव को बाहर निकाला और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हरिलाल की दो पत्नी हैं। दोनों पत्नी को 8 बच्चे हैं, जिसमें पहली पत्नी को 7 बेटी और दूसरी पत्नी को एक बेटा है। उसकी पहली पत्नी लखनऊ और दूसरी पत्नी गुजरात में रहती है। करीब 25 साल पहले हरिलाल कामकाज की तलाश में नागपुर आया था। उसे जो भी काम मिलता था, करता था। वह बस्तियों में घूम- घूमकर कपड़े बेचने का भी काम करने लगा था। उसकी बेटी की शादी हो गई है। उसी बेटी के घर में हरिलाल भी रहता था। एक माह पहले ही वह नागपुर आया था। वर्तमान में वह कांच के मंदिर बनाकर बेचने का काम करता था।
Created On :   19 Jan 2021 10:04 AM GMT