मॉर्निंग वॉक के लिए निकली युवतियों के डैम में मिले शव

Dead bodies found in the dam of girls who came out for morning walk
मॉर्निंग वॉक के लिए निकली युवतियों के डैम में मिले शव
अमरावती मॉर्निंग वॉक के लिए निकली युवतियों के डैम में मिले शव

डिजिटल डेस्क,परतवाड़ा (अमरावती)। दोपहिया वाहन से घर से निकली दो युवतियां शनिवार को सुबह से अपने घर नहीं लाैटी थी। रविवार को दोपहर में लापता इन दोनों युवतियों के शव परतवाड़ा से 10 किलोमीटर दूरी पर स्थित वझ्झर डैम से बरामद होने से खलबली मच गई है। मृतक युवतियों में एक युवती होमगार्ड बताई जाती है। 

जानकारी के मुताबिक मृतक युवतियों के नाम परतवाड़ा शहर के कांडली परिसर के अंबिका नगर निवासी गायत्री श्रीराम पडोले (22) और परतवाड़ा शहर के मोगलाई परिसर निवासी हेमलता जवाहरलाल घाटे (21) है। बताया जाता है कि गायत्री होमगार्ड है और उसका भाई भी होमगार्ड के रूप में कार्यरत है। हर दिन की तरह शनिवार को सुबह के समय गायत्री और उसकी सहेली हेमलता मोपेड से अपने घर से मॉर्निंग वॉक के लिए रवाना हुए थे। लेकिन देर रात तक दोनों घर नहीं लौटने पर दोनों परिवार के सदस्यों ने उनकी तलाश शुरू की थी। कहीं पता न चलने पर परतवाड़ा थाने में दोनों युवतियों के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई गई थी।

रविवार को सुबह से उनकी तलाश जारी थी। लेकिन कहीं भी उनका पता नहीं चला था। अपरान्ह 4 बजे के दौरान वझ्झर डैम में दो युवतियों के शव रहने की जानकारी परतवाड़ा पुलिस को मिलते ही थानेदार संजय ताले अपने दल के साथ तत्काल घटनास्थल पहंुचे। उन्होंने रेस्क्यू दल की सहायता से दोनों युवतियों के शव रात 7 बजे के दौरान डैम से बाहर निकाले और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए अचलपुर के उपजिला अस्पताल पहंुचा दिया। इस घटना से जुड़वा नगरी में खलबली मच गई है। घटनास्थल पर नागरिकों की भारी भीड़ जमा थी। पुलिस ने आकस्मिक घटना दर्ज कर जांच शुरू की है। 

दोनों युवतियां पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही थी
गायत्री पडोले होमगार्ड है और उसकी सहेली हेमलता घाटे शिक्षा ले रही है। लेकिन गायत्री होमगार्ड रहने से वह पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही थी। उसे देखकर हेमलता ने भी पुलिस भर्ती की तैयारी शुरू की थी। इसी के चलते दोनों सहेली हर दिन मॉर्निंग वॉक को दोपहिया वाहन से जाया करती थी। शनिवार को सुबह से मॉर्निंग वॉक को निकली दोनों सहेलियां वापस न लौटने से परिजन काफी चिंतित थे। आखिरकार दोनों के शव वझ्झर डैम में बरामद हुए। 
 

Created On :   27 Jun 2022 3:00 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story