- Home
- /
- पेढी नदी में बहे युवक व महिला के...
पेढी नदी में बहे युवक व महिला के मिले शव

डिजिटल डेस्क, अमरावती। पांच दिन पहले शहर के संतोषी नगर में रहनेवाला अर्जुन अशोक अस्थाना नामक 21 वर्षीय युवक ग्राम रेवसा में पेढी नदी में गिर गया था। नदी में आई बाढ़ में वह बह गया था। इसी तरह ग्राम वझरखेड निवासी रामराव बापूराव गवई की पत्नी खेत में काम करने के लिए गई थी। वापस लौटते समय वह भी पेढ़ी नदी में आई बाढ़ में बह गई थी। 14 अगस्त की शाम इन दोनों के शव नदी में बरामद हुए।
जानकारी के अनुसार संतोषी नगर निवासी अर्जुन अशोक अस्थाना नामक युवक अपने मित्रों के साथ ग्राम रेवसा में गया था। वहां नदी में पैर फिसलकर वह गिर पड़ा। अमरावती जिला आपदा निवारण दल की रेस्क्यु टीम ने लगातार दो दिन उसकी तलाश की। 14 अगस्त को शाम के समय उसका शव पेढ़ी नदी में ही बरामद किया गया था। इसी बीच 11 अगस्त को वझरखेड़ निवासी रामराव गवई नामक 52 वर्षीय व्यक्ति की पत्नी खेत मजदूरी के लिए गई थी। लेकिन वह घर वापस नहीं लौटी। रामराव ने उसकी सभी रिश्तेदारों के यहां तलाश की। इसी बीच 14 अगस्त को वझरखेड गांव में रहनेवाले पंजाबराव मालवे के खेत के पास नदी में इस महिला का सड़ा-गला शव बरामद किया। इसकी जानकारी वलगांव पुलिस को दी गई। नदी में बह गए दोनों के मामले में वलगांव पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है।
Created On :   17 Aug 2022 1:58 PM IST