- Home
- /
- न्यायालय में प्रकरण शुरू होने से...
न्यायालय में प्रकरण शुरू होने से कर्ज भरना रुका

डिजिटल डेस्क, नागपुर। हुडको ने चक्रवृद्धि ब्याज लगाकर रामनाथ सिटी के गुप्ता बंधुओं पर 65 करोड़ 14 लाख रुपए बकाया होने की शिकायत कोराड़ी थाने में की है। कोराड़ी पुलिस ने गुप्ता बंधुओं पर मामला दर्ज किया है। इस मामले में रामनाथ सिटी के सुदेशचंद्र गुप्ता का दावा है कि न्यायालय में प्रकरण विचाराधीन होने के कारण कर्ज भरना बंद किया था। गुप्ता का कहना है कि हाउसिंग एंड अर्बन डेवलपमेंट कार्पोरेशन लि. (हुडको) ने वर्ष 2014 से रामनाथ सिटी के गुप्ता बंधुओं पर चक्रवृद्धि ब्याज सहित 65.14 करोड़ की रकम बकाया होने की फर्जी शिकायत कोराड़ी थाने में की है। इस शिकायत के आधार पर समाचार पत्रों में खबरें प्रकाशित हुई थीं।
विचाराधीन है मामला
रामनाथ सिटी के संचालक सुदेशचंद्र गुप्ता का कहना है कि रामनाथ सिटी ने कोई भी कर्ज नहीं रोका है। यह मामला न्यायालय में शुरू होने के कारण कर्ज भरना बंद किया है। उन्होंने कहा कि कंपनी का कार्यालय झांसी में है। कंपनी का कोराड़ी रोड पर रामनाथ सिटी प्रकल्प है। इसके लिए कंपनी को हुडको ने वर्ष 2009 में कर्ज दिया। वर्ष 2013 में रामनाथ डेवलपर्स को हुडको ने धोखा देकर उसे डिफाल्टर घोषित कर दिया। वर्ष 2014 में कर्ज वसूली के लिए मामला डीआरटी मुंबई के पास पहुंचा। उस समय हुडको ने कंपनी पर 31.32 करोड़ रुपए वसूली करने की बात कही। इसके िवरोध में कंपनी ने वर्ष 2016 में मुंबई हाईकोर्ट में केस दाखिल किया।
कंपनी की कर रहे बदनामी
कंपनी के सुदेशचंद्र गुप्ता का कहना है कि वर्ष 2020 में इलाहाबाद में राष्ट्रीय कंपनी कायदा लवादा के पास (एनसीएलटी) केस दाखिल किया। उस समय हुडको ने कंपनी पर 64 करोड़ रुपए वसूलने की बात लवादा के पास की। कंपनी का कहना है कि उसे हुडको को 24.44 करोड़ रुपए देना है। न्यायालय में मामला होने पर हुडको ने वर्ष 2014 से चक्रवृद्धि ब्याज लगाकर कर्ज की रकम 65.14 करोड़ कर दी। सुदेशचंद्र गुप्ता का आरोप है कि विविध न्यायालय में केस दाखिल कर हुडको उनकी कंपनी की बदनामी कर रही है। पुलिस ने कंपनी का पक्ष नहीं सुना। मामला न्यायालय में होने के बाद भी थाने में गलत एफआईआर दर्ज कराई गई।
Created On :   15 April 2021 1:29 PM IST