- Home
- /
- कर्ज से परेशान महिला किसान ने की...
कर्ज से परेशान महिला किसान ने की आत्महत्या

डिजिटल डेस्क,नांदगांव खंडेश्वर। तहसील के धामक गांव में एक महिला किसान ने दो वर्ष से बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसल नष्ट होने और कर्ज से परेशान होकर रविवार को अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से तहसील में खलबली मच गई है। जानकारी के मुताबिक खुदकुशी करने वाली महिला किसान का नाम बबीता रमेश दुधमोचान है। बताया जाता है कि इस महिला किसान पर बैंक का कर्ज था और साथ ही दो वर्ष से लगातार बेमौसम बारिश के कारण फसल नष्ट होने से वह परेशान थी। उसे बैंक का कर्ज कैसे अदा करने की चिंता सता रही थी। साथ ही आर्थिक संकट के कारण पैदा होती समस्या से वह परेशान हो गई थी। इस महिला किसान का बेटा अमोल दुधमोचान किसी काम से बाहर गया था। वापस लौटा तो घर का दरवाजा बाहर से बंद दिखाई दिया। उसे संदेह हुआ और ताला तोड़कर भीतर प्रवेश किया तो मां फांसी पर लटकी दिखाई दी। अमोल परिसर के नागरिकों को बुलाकर मां को तत्काल नांदगांव के सरकारी अस्पताल ले गया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही नांदगांव पुलिस का दल भी घटनास्थल आ पहंुचा। पुलिस ने आकस्मिक घटना दर्ज की है।
मां के निधन के बाद बेटे ने फांसी लगाई
सुरली ग्राम में दो दिन पूर्व मां का निधन हो गया। रविवार 20 मार्च को सुबह 47 वर्षीय बेटे ने घर के पास स्थित पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से सुरली ग्राम में खलबली मच गई है। जानकारी के मुताबिक आत्महत्या करने वाले युवक का नाम कैलास सालोडे (47) है। व्यक्ति ने घर के पास स्थित सीताफल के पेड़ पर दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जाता है कि दो दिन पूर्व कैलास की मां सिंधुबाई सालोडे का वृद्धावस्था में निधन हो गया था। मां की मृत्यु के बाद कैलास काफी निराश दिखाई दे रहा था। इसी के चलते उसने खुदकुशी करने का अंदेशा की चर्चा गांव में है। घटना की जानकारी मिलने पर वरुड़ के थानेदार प्रदीप चौगांवकर अपने दल के साथ घटनास्थल आ पहंुचे। उन्होंने पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए ग्रामीण अस्पताल पहंुचाया। मृतक के पीछे पत्नी, दो बेटे और भाई का भरापूरा परिवार है। पुलिस ने आकस्मिक घटना दर्ज कर जांच शुरू की है।
Created On :   21 March 2022 3:11 PM IST