- Home
- /
- ट्रक की चपेट में आने से हिरण की...
ट्रक की चपेट में आने से हिरण की मृत्यु

डिजिटल डेस्क, कन्हान/कामठी। पारशिवनी तहसील के येसंबा-वाघोली रोड पर सुबह ट्रक चालक ने लापरवाही से वाहन चलाकर रोड पार कर रहे हिरण को टक्कर मार दी। हिरण की जगह पर ही मौत हो गई। पश्चात सबूत नष्ट करने के उद्देश्य से दो लोगों ने हिरण को खेत में ले जाकर डाल दिया। इसकी सूचना मिलते ही वन विभाग व कन्हान पुलिस टीम घटनास्थल पहंुची तथा पंचनामा कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
अवैध कोयला व रेत से भरे वाहन सुबह-शाम येसंबा-वाघोली मार्ग से नागपुर-जबलपुर राष्ट्रीय महामार्ग से रामटेक, नागपुर की ओर जाते हैं। रविवार को तड़के 4 से 5 बजे के बीच एक ट्रक चालक तेज रफ्तार व लापरवाही से वाहन चलाकर येसंबा-वाघोली मार्ग पर नाग मंदिर के पास रोड पार कर रहे एक हिरण को टक्कर मार दी। हिरण की जगह पर ही मौत हो गई। घाटरोहणा-येसंबा ग्रापं सदस्य अतुल गोरले को सुबह मार्ग पर हिरण खून से लथपथ हिरण दिखाई दिया। उन्होंने इसकी जानकारी वन विभाग पटगोवारी व पुलिस स्टेशन कन्हान को दी। बखारी के वन मजदूर ज्ञानेश्वर खंडाते, लीलाधर ठाकरे अपने वरिष्ठाें के आदेश पर घटनास्थल पहंुचे, तो उन्हें दो व्यक्ति हिरण को नष्ट करने के उद्देश्य से खेत ले जाते हुए दिखाई दिए। उन्होंने उनका पीछा किया, तो वे हिरण को खेत में छोड़कर भाग खड़े हुए।
कन्हान पुलिस स्टेशन के पुलिस हवलदार मोहन शेलके, पुलिस सिपाही सुधीर चव्हाण, चालक जीतेंद्र गावंडे आदि ने घटनास्थल का निरीक्षण कर भोला कांबले के खेत में मिले मृत हिरण का पंचनामा किया। आगे की कार्रवाई वन विभाग के वन रक्षक श्रीकांत टेकाम, वन मजदूर भोंडेकर कर रहे हैं।
Created On :   28 Feb 2022 12:35 PM IST