बलिया गोलीकांड: मुख्य आरोपी धीरेंद्र प्रताप सिंह 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया

बलिया गोलीकांड: मुख्य आरोपी धीरेंद्र प्रताप सिंह 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया

डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश के बलिया गोलीकांड में मुख्य आरोपी धीरेन्द्र प्रताप सिंह को जिला अदालत ने 14 दिन के लिए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। आज सुबह आरोपी धीरेन्द्र का पहले मेडीकल चेकअप हुआ। उसके बाद जिला अदालत में पेशी हुई। न्यायिक हिरासत समाप्त होने के बाद पुलिस धीरेंद्र को रिमांड पर ले सकती है। फिलहाल उसे बलिया जेल में शिफ्ट कर दिया गया है। इस बीच आरोपी के परिवार ने केस में सीबीआई जांच की मांग की है।
 

अब तक 10 आरोपियों की हो चुकी है गिरफ्तारी 
इस मामले में अब तक नामजद हुए 8 आरोपियों में पांच को गिरफ्तार किया जा चुका है। हालांकि, कुल 10 लोग गिरफ्तार कर जेल भेजे जा चुके हैं। मुख्य आरोपी धीरेंद्र सिंह भी गिरफ्तार किया जा चुका है। अभी दो अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी होना बाकी है। 

यह है पूरा मामला
15 अक्टूबर को शाम 5 बजे के आस-पास बलिया जिले के रेवती थाना क्षेत्र में कोटे की दुकान के आवंटन को लेकर की जा रही कार्यवाही में दो पक्षों में भिड़ंत हो गई। इस दौरान गांव के दबंग धीरेंद्र ने दूसरे पक्ष पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान जमकर भागदड़ मच गई। इस फायरिंग में मौके पर मौजूद गांव के जयप्रकाश पाल को गोली लगने से उसकी मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने धीरेंद्र प्रताप सिंह सहित कुल 8 लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज किया था। तीन दिन में सभी मुख्य आरोपी धीरेंद्र समेत सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

अपनी साथी का इंतजार कर रहा था आरोपी धीरेन्द्र 
उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने धीरेंद्र सिंह को लखनऊ के पॉलिटेक्निक चौराहे से उस वक्त गिरफ्तार किया जब वह अपने एक साथी का इंतजार कर रहा था। यूपी एसटीएफ की मानें तो 50,000 का इनामी धीरेंद्र उर्फ डब्लू सिंह अपने किसी साथी से मिलने के लिए लखनऊ के पॉलिटेक्निक चौराहे पर खड़ा था। उधर, घटना के बाद से एक तरफ बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह का मुख्य आरोपी के पक्ष में खड़े होना तो दूसरी ओर मुख्य आरोपी का वीडियो वायरल होना पुलिस के लिए किरकिरी का नया सबब बन गया था।

 


 

 

 

Created On :   19 Oct 2020 3:17 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story