अब ट्विटर, फेसबुक और व्हाट्सएप पर डायल-112 सेवा

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश में महाराष्ट्र पुलिस के ट्विटर, फेसबुक, व्हाट्सएप, ईमेल, सिटीजन पोर्टल, सिटीजन मोबाइल एप जैसे सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर मिलने वाली शिकायतों को डायल-112 में समावेश किया गया है। इससे नागरिक अब डायल-112 के व्हाट्सएप, ट्विटर, फेसबुक जैसे सोशल मीडिया प्लेटफार्म हैंडल पर भी शिकायतें दर्ज करा सकेंगे। साथ ही पुलिस से तत्काल मदद भी मांग सकेंगे। शनिवार को पुणे में उपमुख्यमंत्री तथा गृहमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र इमरजेंसी रिस्पांस टीम (एमईआरएस)- डायल 112 सोशल मीडिया इंटीग्रेशन परियोजना का लोकार्पण किया है। राज्य में अपराध और कानून व्यवस्था पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की आयोजित परिषद में इस सेवा का शुभारंभ किया गया। राज्य में नागरिक डायल-112 पर फोन करके विभिन्न प्रकार की शिकायतें करते हैं और मदद मांगते हैं। इस सेवा को अब सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर हैंडल शुरू किया गया है। इससे नागरिक सोशल मीडिया के जरिए भी डायल-112 के मंच पर शिकायतें कर सकेंगे। राज्य में महाराष्ट्र पुलिस और महिंद्रा डिफेंस सर्विसेस ने एकत्रित रूप से डायल-112 प्रणाली को विकसित किया है। इस प्रणाली के जरिए अभी तक लगभग 11.50 लाख शिकायतों का निपटारा किया गया है। जिसमें करीब 2.50 लाख शिकायतें महिलाओं से संबंधित थीं। डायल-112 पर हर दिन लगभग 19 हजार फोन स्वीकारें जाते हैं। जबकि 2 हजार 800 शिकायतों का निपटारा किया जाता है। यह सेवा अब सोशल मीडिया पर भी उपलब्ध हो सकेगी। सोशल मीडिया के जरिए प्राप्त होने वाली शिकायतों और उस पर तत्काल प्रतिसाद के लिए प्रशिक्षित मानव संसाधन की रचना की गई है। इससे पीड़ित तक तत्काल मदद उपलब्ध हो सकेगी।
Created On :   14 Jan 2023 7:23 PM IST