मंगनी टूटने से बौखलाए युवक ने दर्जन भर मित्रों के साथ मध्यस्थ के घर किया हमला

Dismissed by matchmaking, a young man attacked a mediators house with a dozen friends
मंगनी टूटने से बौखलाए युवक ने दर्जन भर मित्रों के साथ मध्यस्थ के घर किया हमला
मंगनी टूटने से बौखलाए युवक ने दर्जन भर मित्रों के साथ मध्यस्थ के घर किया हमला

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शादी टूटने से बौखलाए युवक ने मध्यस्थ के घर में हमला बोल दिया। मित्रों की मदद से तोड़-फोड़ कर बुजुर्ग की पिटाई की। घटना से परिसर में तनाव रहा। शांति नगर थाने में प्रकरण दर्ज कर युवक को गिरफ्तार किया गया है। उसके फरार मित्रों की तलाश जारी है। मध्यस्थ लालगंज गुजरी निवासी जख्मी मारोती निनावे (65) है, जबकि आरोपी दिनेश दिवाकर घिमे (27) प्रेम नगर निवासी और उसके 10-12 मित्र हैं। 

यह है मामला
प्रेम नगर निवासी दिनेश का बड़ा भाई मारोती के बेटे का मित्र है। तीन-चार महीने पहले मारोती ने दिनेश की शादी के लिए एक परिवार की जानकारी दी। लड़की दिनेश और घर वालों को पसंद आ गई। शादी तय हो गई, लेकिन कुछ दिन बाद ही लड़की वालों ने ही यह रिश्ता तोड़ दिया। दिनेश को  लगा कि मारोती तथा उसके परिवार के सदस्यों ने ही उसके बारे में गलत जानकारी देकर शादी तुड़वा दी। दरअसल, लड़की वालों को दिनेश का काम-धंधा ठीक नहीं लगा। इसलिए उन्होंने शादी तोड़ दी थी। दूसरी तरफ दिनेश इसके लिए निनावे परिवार को ही जिम्मेदार मान रहा था। कई बार वह घर में आकर निनावे परिवार को धमका चुका है।

सोमवार को दिन में 3 बजे और फिर रात में साढ़े आठ बजे के दौरान दिनेश 10-12 मित्रों के साथ मारोती के घर आ धमका। उस वक्त मारोती और उसकी बहू पूजा ही घर में थे। दिनेश और उसके मित्रों ने तोड़-फोड़ शुरू कर दी। पैर से प्रहार कर मोटरसाइकिल गिरा दिया। इसके बाद मारोती की जमकर पिटाई की। पूजा से भी गाली-गलौज तथा अभद्र बर्ताव किया। पूजा की शिकायत पर प्रकरण दर्ज कर दिनेश को गिरफ्तार किया गया है। उसके फरार मित्रों की तलाश जारी है। उपनिरीक्षक सुमेध बंसोडे प्रकरण की जांच कर रहे हैं।  

 

Created On :   10 Jun 2020 7:34 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story