- Home
- /
- भेड़ाघाट : धुआंधार वाटरफॉल में कूदी...
भेड़ाघाट : धुआंधार वाटरफॉल में कूदी महिला, गोताखोरों ने बचाया

डिजिटल डेस्क जबलपुर। कटनी में रहने वाली एक महिला ने मंगलवार दोपहर 3 बजे धुआंधार में छलांग लगा दी। छलांग लगाते ही महिला एक पत्थर में फंस गई। भेड़ाघाट पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने मिलकर महिला को बचाया। महिला को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर 3 बजे एक महिला ने धुआंधार से छलांग लगा दी। छलांग लगाने के बाद महिला बहते हुए एक पत्थर में फंस गई। सूचना मिलते ही भेड़ाघाट थाना प्रभारी एमडी नागोतिया, सैनिक प्रवीण नेमा, भागवत मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोर मुबीन खान, गुरू और स्वप्निल दुबे की मदद से महिला को बचाने का प्रयास किया। बारिश होने से चट्टाने गीलीं थीं। इसकी वजह से महिला को धुआंधार से ऊपर लाने में परेशानी हो रही थी। रस्सी के सहारे महिला को ऊपर लाया गया। महिला ने अपना नाम गंगा सोनी उम्र 32 वर्ष बताया। वह कटनी के माधव नगर थाना अंतर्गत शास्त्री नगर की रहने वाली है। मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की वजह से वह आत्महत्या करना चाहती थी। परिजनों को सूचना देने के बाद महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एक सप्ताह में तीन महिलाओं की जान बचाई - भेड़ाघाट पुलिस ने इस सप्ताह तीन महिलाओं की जान बचाई है। ये महिलाएं धुआंधार में आत्महत्या के इरादे से पहुंची थीं। पुलिस को इस काम में स्थानीय लोगों का भी सहयोग मिल रहा है।
सास ने बहू पर डाला मिट्टी का तेल, शरीर पर पड़े फफोले- अधारताल थाना अंतर्गत कंचनपुर में सास ने बहू के ऊपर मिट्टी का तेल डाल दिया। आग लगाने के पहले पड़ोसियों ने बहू को बचा लिया, लेकिन मिट्टी तेल पडऩे से बहू के शरीर पर फफोले पड़ गए। बहू को विक्टोरिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि विक्टोरिया में भर्ती 28 वर्षीय रंजू शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी शादी 2011 में कंचनपुर निवासी अनिल शर्मा से हुई थी। शादी के बाद से ही पति, सास और ससुर छोटी-छोटी बातों पर उसके साथ मारपीट करते थे। 27 जनवरी को भी बिना वजह पति, सास-ससुर मारपीट करने लगे। सास ने उसके ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने की कोशिश की, लेकिन पड़ोसियों ने उसे बचा लिया। इससे उसके हाथ और पैर में फफोले पड़ गये। पुलिस ने पति अनिल, सास उषा देवी और ससुर प्रेमचंद शर्मा पर धारा 498 ए, 294, 324, 506 एवं 34 का प्रकरण दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
Created On :   14 Feb 2018 4:46 PM IST