- Home
- /
- कृषि उपभोक्ताओं को बिजली बिल के लिए...
कृषि उपभोक्ताओं को बिजली बिल के लिए परेशान न करें

डिजिटल डेस्क, नागपुर। आर्थिक संकट से जूझ रहे महावितरण की मुसीबत कृषि उपभोक्ताओं ने और बढ़ा दी है। महावितरण को बिजली बिल की सबसे ज्यादा राशि कृषि उपभोक्ताओं से वसूल करनी है। राज्य में कृषि उपभोक्ताओं पर 47262 करोड़ से ज्यादा का बिजली बिल हो गया है। नागपुर जिले की बात करें तो कृषि उपभोक्ताओं से 597.4 करोड़ की वसूली करनी है, लेकिन फिलहाल इन्हें परेशान नहीं करने का महावितरण का आदेश है।
आर्थिक संकट से जूझ रहे महावितरण ने वसूली पर ध्यान केंद्रित किया है। कृषि उपभोक्ता छोड़कर शेष सभी उपभोक्ताओं से वसूली करने को कहा गया है। महावितरण की तरफ से बकाएदारों की जो सूची जाहिर हुई है, उसमें कृषि उपभोक्ताओंं का नाम नहीं है। जबकि नागपुर सहित राज्य में सबसे ज्यादा बकाया बिल कृषि उपभोक्ताओं पर ही है। नागपुर जिले में कृषि उपभोक्ताओं से 597.4 करोड़ की वसूली करनी है। विदर्भ में आने वाले 11 जिलों पर नजर डालें तो बकाया राशि बढ़कर 6972.9 करोड़ हो गई है। यवतमाल विदर्भ में बकाएदारों की सूची में सबसे आगे है। राज्य में कृषि उपभोक्ताओं पर 47262.6 करोड़ की बिजली बिल बकाया है। अधिकांश कृषि उपभोक्ताआें ने एक साल से बिजली बिल का भुगतान लगभग बंद कर दिया है और इसी कारण बकाया राशि हर महीने बढ़ रही है। बेमौसम बारिश से फसल बर्बाद होने से सरकार किसानों से बिल की जबरन वसूली करना नहीं चाहती।
फिलहाल वसूली नहीं होगी
महावितरण के नागपुर प्रादेशिक संचालक कार्यालय से बकायदारों की सूची जाहिर हुई है। कृषि उपभोक्ताआें को छोड़कर अन्य उपभोक्ताओं से बिल की नियमित वसूली करने के निर्देश दिए गए हैं। घरेलू व्यावसायिक, आैद्योगिक, स्ट्रीट लाइट, संस्थान व स्थानीय स्वराज संस्था से बकाया बिल की वसूली करने को कहा गया है।
Created On :   13 Dec 2020 5:40 PM IST