- Home
- /
- डोंबिवली गैंगरेप : 33 आरोपियों के...
डोंबिवली गैंगरेप : 33 आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर

डिजिटल डेस्क, मुंबई। डोंबिवली सामूहिक दुष्कर्म मामले को लेकर राज्य की ठाणे पुलिस ने 33 आरोपियों के खिलाफ कल्याण सत्र न्यायालय में 885 पन्नों का आरोप पत्र दायर किया है। इस आरोपपत्र में चार नाबालिग आरोपियों के नाम का भी उल्लेख किया गया है। चारों नाबालिग फिलहाल जमानत पर हैं। जबकि 29 आरोपी न्यायिक हिरासत में है। पिछले दिनों डोंबीवली इलाके में आरोपियों द्वारा 15 वर्षीय पीड़िता के साथ आठ महीनों तक अलग अलग लोगों द्वारा कई बार दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया था। पुलिस ने सितंबर 2021 को इस मामले को लेकर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 885 पन्नों के आरोपपत्र में 122 गवाहों के बयान को शामिल किया गया है और आरोपियों के खिलाफ काफी कड़ा मामला तैयार किया गया है। आरोपपत्र में दावा किया गया है कि आरोपियों ने 29 जनवरी 2021 से 22 सितंबर 2021 के बीच पीडिता के साथ डोंबिवली, बदलापुर, मुरबाड, रबाले सहित अलग-अलग इलाकों में नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया था। इसके साथ ही पीड़िता को नशा भी दिया गया था। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376(दुष्कर्म), 376एन (लगातार दुष्कर्म), 376डी (सामूहिक दुष्कर्म), 376(3) व पाक्सों कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
Created On :   3 Dec 2021 7:42 PM IST