- Home
- /
- अकोला कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति...
अकोला कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति बने डॉ. शरद गडाख

डिजिटल डेस्क, मुंबई। अकोला के डॉ पंजाबराव देशमुख कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति पद पर डॉ शरद रामराव गडाख की नियुक्ति की गई है। वे फिलहाल अहमदनगर के राहुरी स्थित महात्मा फुले कृषि विश्वविद्यालय में अनुसंधान निदेशक पद पर कार्यरत थे। सोमवार को राज्यपाल तथा विश्वविद्यालय के कुलाधिपति भगतसिंह कोश्यारी ने गडाख की नियुक्ति की है। गडाख कुलपति पद पर पांच साल अथवा 65 साल आयु पूरी होने तक इसमें से जो पहले होगा तब तक काम करेंगे। 29 नवंबर 1961 को जन्म गडाख ने राहुरी के कृषि विश्वविद्यालय से वनस्पति शरीर विज्ञान विषय में पीएचडी की है। उन्हें अध्यापन, अनुसंसाधन और प्रशासन के कामकाज का लंबा अनुभव है। अकोला कृषि विश्वविद्यालय के तत्कालीन कुलपति डॉ विलास भाले का कार्यकाल 4 सितंबर 2022 को खत्म हो गया था। उसके बाद से कुलपति पद रिक्त था। फिलहाल कुलपति पद का अतिरिक्त पदभार अमरावती के संत गाडगेबाबा विश्वविद्यालय के कुलपति डा. दिलीप मालखेडे को दिया गया था। राज्यपाल ने अकोला कृषि विश्वविद्यालय में कुलपति नियुक्त करने के लिए भारतीय कृषि अनुसंसाधन परिषद के पूर्व महानिदेशक एस अय्यप्पन की अध्यक्षता में चयन समिति का गठन किया था। इस समिति की सिफारिश के अनुसार राज्यपाल ने गडाख को कुलपति नियुक्त किया है।
Created On :   19 Sept 2022 6:49 PM IST