- Home
- /
- डॉ. विपिन इटनकर नागपुर के नए...
डॉ. विपिन इटनकर नागपुर के नए जिलाधिकारी

डिजिटल डेस्क, नागपुर । नागपुर जिले की दूसरी महिला जिलाधिकारी आर. विमला का तबादला कर दिया गया। एक साल एक महीने (11 जुलाई 2021) के अल्प कार्यकाल में अनेक सराहनीय कार्य करने के बाद जिलाधिकारी आर. विमला को महिला व बाल कल्याण विभाग का आयुक्त बनाकर पुणे भेजा गया। आर. विमला की जगह नांदेड़ के जिलाधिकारी डॉ. विपिन इटनकर नागपुर जिले के नए जिलाधिकारी बनाए गए। शुक्रवार सुबह डॉ. इटनकर निवर्तमान जिलाधिकारी आर. विमला से नागपुर जिले का पदभार स्वीकारेंगे। डॉ. इटनकर 2014 की बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वे स्टेट टॉपर थे। फिलहाल नांदेड़ में जिलाधिकारी थे। नांदेड़ में उन्होंने अनेक सराहनीय उपक्रमों को अमलीजामा पहनाया। होट्टल सांस्कृतिक व पर्यटन महोत्सव, गांव जहां-वहां श्मशान भूमि अभियान सहित अनेक अभियान चलाए गए, जिसे काफी अच्छी प्रतिसाद मिला। विशेष यह कि वे िवदर्भ में चंद्रपुर जिले के है। मेयो से एमबीबीएस की पढ़ाई करने के बाद चंडीगढ से आगे की डिग्री हासिल की।
35 हजार महिलाओं को साथ लाना बड़ी उपलब्धि : अल्प कार्यकाल में निवर्तमान जिलाधिकारी आर. विमला ने कई उल्लेखनीय कार्य किए। जुलाई 2021 में उन्होंने नागपुर जिलाधिकारी का पदभार संभाला था। उस समय कोविड की दूसरी लहर उतरते क्रम में थी, लेकिन कोविड की दहशत कायम थी। जिलाधिकारी का पदभार संभालते ही ऑक्सीजन की व्यवस्था करने सहित अस्पतालों में बेड बढ़ाने की दिशा में काम शुरू किया। जैसे-जैसे कोविड का खतरा कम हुआ तो प्रशासनिक कामों में तेजी लाईं। दैनिक भास्कर से चर्चा करते हुए निर्वतमान जिलाधिकारी आर. विमला ने बताया कि सबसे मिलना, लोगों से जुड़े रहना और लोकाभिमुख प्रशासन देना उनके कार्यों की विशेषता रही। प्रशासन के सहयोग से अनेक काम कर पाई हूं। 35 हजार महिलाओं को एक साथ लाना यादगार कार्यों में से एक रहा। इसके बाद लंबित नजूल प्रकरणों का तेजी निपटारा और बड़ी संख्या में सिंधी समाज के नागरिकों को नागरिकता देना एक महत्वपूर्ण कार्य रहा है। भूमि अधिग्रहण के मामलों का भी बड़े पैमाने पर निपटारा किया गया। सेतु सुविधा केंद्र से प्रमाणपत्रों को ऑनलाइन कर पिछले एक साल में 5 लाख से ज्यादा प्रमाण-पत्र दिए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विशेष रुचि होने के कारण साहित्य, संगीत से जुड़े कार्यक्रमों में सहयोग रहा।
Created On :   19 Aug 2022 9:53 AM IST