- Home
- /
- ड्राइव इन वैक्सीनेशन की गति पड़ी...
ड्राइव इन वैक्सीनेशन की गति पड़ी धीमी , वैक्सीनेशन चौथाई भी नहीं

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर में शुरू किए गए ‘ड्राइव इन वैक्सीनेशन’ केंद्रों पर पिछले दो दिनों के मुकाबले भीड़ कम थी। रविवार को दोनों केंद्रों पर दोपहिया और चारपहिया वाहन में आए 60 प्लस वालों को वैक्सीन दी गई। रविवार को ग्लोकल स्क्वेयर मॉल में 39 और वीआर मॉल में 41 लोगों का वैक्सीनेशन हुआ। छुट्टी का दिन होने से यह अनुमान लगाया जा रहा था कि इन केंद्रों पर अधिकाधिक लोग वैक्सीन लगाने पहुंचेंगे, लेकिन संख्या कम रही। संख्या कम होने का कारण नया नियम बताया गया है। नए नियमानुसार जिनके पहले डोज को 84 दिन पूरे होंगे, उन्हें ही वैक्सीन लगाई जा रही है। नया सिस्टम अपडेट हो चुका है। इसलिए जिनके 84 दिन पूरे नहीं हो पाए, उन्हें वापस लौटना पड़ा है।
84 दिन का नियम, इसलिए लोग कम
दोनों केंद्रों पर लोगों के कम आने का एक कारण यह बताया गया है कि काेविशील्ड का दूसरा डोज 84 दिन बाद ही मिलेगा। यह सिस्टम अपडेट हो चुका है। इसलिए रविवार को कुछ लोग, जिनके 84 दिन पूरे नहीं हो पाए हैं, उन्हें वापस भेजना पड़ा है। इन लोगों को 84 दिन बाद ही दूसरा डोज दिया जाएगा। सेंटर का समय 10.30 से 4 बजे तक का है। बताया जाता है कि लोग पूरी जानकारी लिए बगैर ही सेंटर पर पहुंच जाते हैं। एक-डेढ़ घंटे पहले ही लोग पहुंच जाते हैं। इसलिए उन्हें केंद्र की पूरी तैयारी होने तक इंतजार करना पड़ता है।
दोपहिया पर आने वालों को भी मिली वैक्सीन
सीताबर्डी के ग्लोकल स्क्वेयर माॅल में रविवार को काफी सुविधाएं देखने को मिली। यहां आनेवाले सभी वाहनों को सैनिटाइज्ड किया जा रहा था। इसके बाद ही वाहन को वैक्सीनेशन काउंटर पर भेजा जा रहा था। लोगों को वाहनों में ही वैक्सीन लगाई जा रही थी। खास बात यह रही कि यहां चार पहिया वाहन के अलावा दोपहिया वाहन पर आनेवालों को भी वैक्सीन दी गई है। दोपहिया वाहनों पर आनेवाले बुजुर्गों को वाहन पर बैठे-बैठे ही वैक्सीन लगाई गई। भीड़ न हो इसके लिए पार्किंग में ही पांच-पांच वाहन चालकों को टोकन देकर वैक्सीनेशन काउंटर तक भेजा गया।
तीन दिन में 272 लोगों ने लगायी वैक्सीन
ग्लोकल स्क्वेयर माॅल में दो दिन में 233 लोगों ने वैक्सीन लगवाई थी। तीसरे दिन रविवार 39 लोगों ने वैक्सीन लगाई। मॉल के संचालक अनूप खंडेलवाल ने बताया कि उन्होंने कुआलालंपुर का एक वीडियो देखा था, जिसमें ‘ड्राइव इन वैक्सीनेशन’ कार्यक्रम चल रहा था। उन्होंने इसकी जानकारी महापौर दयाशंकर तिवारी को दी। उन्हें बताया कि मॉल के भीतर सारी व्यवस्था है। इसलिए यहां ड्राइव इन वैक्सीनेशन शुरू किया जा सकता है। महापौर ने संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर यहां केंद्र शुरू करवा दिया। इसके लिए लैपटाॅप, प्रिंटर, डी फ्रीजर, चेयर, चाय, बिस्कुट आदि की व्यवस्था मॉल की तरफ से की जा रही है। मनपा के स्टॉफ के अलावा मॉल के 15 लोग काम पर लगे हैं। किसी को असुविधा न हो इसके लिए स्वयं खंडेलवाल निगरानी करते हैं। शुक्रवार को इस केंद्र का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री नितीन गडकरी के हाथों हुआ था।
वीआर मॉल में 194 लोगों को लगाई वैक्सीन
रामबाग के वीआर (ट्रिलियम) मॉल सेंटर में भी रविवार को रोज के मुकाबले भीड़ कम थी। शुक्रवार को पालकमंत्री डाॅ. नितीन राऊत ने इस सेंटर का शुभारंभ किया था। पहले दिन यहां 22 और दूसरे दिन 131 और रविवार 41 लाेगों ने वैक्सीन लगायी। भीड़ नहीं होने से इस सेंटर पर दोपहिया वाहन पर आए लोगों को भी वैक्सीन दी गई। सभी को आधे घंटे तक निगरानी में रखा जा रहा था।
रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया की हो तो बताएं मोबाइल नंबर
एक कर्मचारी ने बताया कि जब लोग रजिस्ट्रेशन करते हैं, तो उन्हें स्लॉट नहीं मिल पाता। उन्हें ऐसा लगता है कि उनका रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ है, जबकि रजिस्ट्रेशन हो चुका होता है। ऐसे लाेग जब सेंटर पर आते हैं तो फिर से स्पॉट रजिस्ट्रेशन करने की प्रक्रिया पूरी की जाती है। इस दौरान जब मोबाइल नंबर डाला जाता है तो पता चलता है कि उनका रजिस्ट्रेशन हो चुका है। केवल सेंटर का नाम दर्ज करना है। एक ही नंबर से दो बार रजिस्ट्रेशन नहीं हो पाता है। इसलिए समय बर्बाद होता है। इसलिए लोगों ने पहले रजिस्ट्रेशन करवाया हो तो उसके आईडी के अंतिम चार अक्षर और मोबाइल नंबर बता दिया तो रजिस्ट्रेशन की फिर से प्रक्रिया नहीं करनी पड़ती है। इससे समय की बचत होगी, लोगों को अधिक इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
Created On :   17 May 2021 2:56 PM IST