- Home
- /
- पार्क करते समय वाहन पलटने से चालक...
पार्क करते समय वाहन पलटने से चालक की मृत्यु

डिजिटल डेस्क, मोर्शी (अमरावती)। अपने खेत के पास खड़ी टाटा एस पीकअप गाड़ी को पेड़ के नीचे खड़ा करने के दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित होकर पलटने से चालक की वाहन के नीचे दबने से मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतक का नाम मोर्शी के गांधी चौक निवासी मोहित सुनील ठाकरे(23) बताया गया है। दुर्घटना तहसील के ग्राम येरला में हुई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक मोहित ठाकरे का खेत येरला गांव में है। वह अपने टाटा एस वाहन में ग्राम पाला के मजदूर लेकर खेत में गया था। उसने मजदूरों को वाहन से नीचे उतारने के बाद अपनी गाड़ी पीछे लेकर सड़क किनारे पेड़ के नीचे लगाने का प्रयास करने लगा। तभी अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और चालक सीट के पास का दरवाजा खुल जाने से वाहन से नीचे गिर पड़ा। पश्चात पीकअप वाहन पलट गया। इस हादसे में मोहित वाहन के नीचे दबने से मजदूरों की सहायता से उसे बाहर निकालकर गंभीर हालत में उपजिला अस्पताल में ले जाया गया। जहां डाॅक्टरों ने प्राथमिक जांच कर उसे मृत घोषित किया। इस मामले में मोर्शी पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू की है।
Created On :   11 March 2022 2:14 PM IST