- Home
- /
- नशेड़ी युवक ने कुल्हाड़ी से कर दी...
नशेड़ी युवक ने कुल्हाड़ी से कर दी मां की हत्या

डिजिटल डेस्क, रामटेक(नागपुर)। एक कलियुगी पुत्र ने अपनी जन्मदात्री मां की नशे में धुत होकर हत्या कर दी। मां के सिर पर कुल्हाड़ी से प्रहार कर उसे लहूलुहान कर दिया। गंभीर रूप से घायल मां ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। घटना अंबाला की है। रोज शराब पीना, नशे में मां के साथ मारपीट करना, मजदूरी के पैसे शराब और सट्टे में उड़ाना, यह उसका रोज का काम था। उसकी मां कमलाबाई पतिराम ढोंगे (65) रामटेक समीपस्थ अंबाला परिसर में कुणबी समाज धर्मशाला के पास रहती थी। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को शाम साढ़े चार बजे के लगभग अंबाला निवासी प्रमोद पतिराम ढोंगे (30) गांव के ही बंडूभाऊ संगीतराय के पास आया। शराब के नशे में धुत प्रमोद ने उसे बताया कि मेरी मां को किसी ने कुल्हाड़ी से मार दिया है। इसके बाद वह उन्हें अपने घर लेकर गया। बंडूभाऊ ने मृतक कमलबाईं को देखकर रामटेक पुलिस को सूचना दी। रामटेक के प्रभारी उपविभागीय पुलिस अधिकारी संजय जोगदंड दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। खटिया पर कमलबाईं का मृतदेह पड़ा था। कुल्हाड़ी भी पास ही पड़ी थी।
रोज करता था मार-पीट
गांववासियों ने बताया कि प्रमोद प्रतिदिन मां को मारता था। नशा उतरने पर जबरन खींचते हुए जख्मी मां को दवाखाना ले जाता था। यह उसकी आदत बन गई थी। कभी-कभी तो अंबाला परिसर की विद्युत आपूर्ति खंडित कर देता था। पुलिस ने आरोपी प्रमोद ढोंगे को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ धारा 302 के तहत अपराध दर्ज किया गया है। संजय जोगदंड के मार्गदर्शन में जांच जारी है।
घायल की अस्पताल में मौत
पुराने दरवाजे लेकर इमारत की पहली मंजिल पर चढ़ते समय गिरने से घायल हुए मजदूर विक्की अनजाडे की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार विक्की मारोतराव अनजाडे (27) भामटी, परसोडी निवासी मजदूरी करता था। गत दिनों वह जगदीश गायकवाड के घर पर काम कर रहा था। वह पुराने दरवाजे को उनके मकान की पहली मंजिल पर लेकर जाते समय संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर पड़ा। उसे निजी अस्पताल में भर्ती किया गया। उसके बाद उसे मेडिकल अस्पताल में भर्ती किया गया, जहां उपचार के दौरान मौत हो गई। सूचना मिलने पर फिलहाल प्रतापनगर पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर लिया है।
Created On :   22 Feb 2019 11:18 AM IST