पिछले साल की प्याज अभी खपी नहीं, कीमत में हो रही लगातार गिरावट

Due to old stock arrival of onions decreased in market committees
पिछले साल की प्याज अभी खपी नहीं, कीमत में हो रही लगातार गिरावट
पिछले साल की प्याज अभी खपी नहीं, कीमत में हो रही लगातार गिरावट

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र में सूखे की स्थिति के कारण राज्य की कृषि उत्पन्न बाजार समितियों में प्याज की आवक कम हुई है। पर पिछले साल का स्टाक होने के कारण कीमतों में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है। इस साल अक्टूबर महीने में राज्य के कृषि मंडियों में 52 लाख 68 हजार 960 क्विंटल प्याज की आवक थी। जिसकी दर प्रति क्विंटल करीब 1150 रुपए रही। जबकि नवंबर महीने में कृषि मंडियों में प्याज की आवक घटकर 2 लाख 14 हजार 622 क्विंटल रह गई। इसके बावजूद प्याज के लिए 1077 रुपए प्रति क्विंटल की दर ही मिल सकी। प्रदेश सरकार के विपणन विभाग के एक अधिकारी ने ‘दैनिक भास्कर’ से बातचीत में कहा कि कृषि मंडियों में पिछले साल की प्याज का भंडारण काफी है। केवल नाशिक में पिछले साल की 30 लाख क्विंटल प्याज पड़ी हुई है। इस प्याज को खपाना बड़ी चुनौती है।

अधिकारी ने कहा कि पिछले साल वाली प्याज की गुणवत्ता खराब होने के कारण 300 रुपए प्रति क्विंटल दर भी नहीं मिल पा रही है। प्याज को खपाने के लिए राज्य सरकार ने केंद्र से निर्यात अनुदान को 5 प्रतिशत से बढ़ाकर 10 प्रतिशत करने की मांग की है। अधिकारी ने कहा कि पड़ोसी राज्य कर्नाटक की प्याज दक्षिण भारत के राज्यों और गुजरात, मध्यप्रदेश और राजस्थान की प्याज उत्तर भारत के राज्यों में जा रही है। इस कारण महाराष्ट्र से दूसरे राज्यों में जाने वाली प्याज की खपत भी कम हो गई है।

प्याज के निर्यात में 80 प्रतिशत योगदान

विपणन विभाग के अनुसार भारत से विदेशों में होने वाले प्याज के निर्यात में महाराष्ट्र की लगभग 80 प्रतिशत हिस्सेदारी रहती है। साल 2014-15 में भारत से 12 लाख 38 हजार मीट्रिक टन प्याज का निर्यात किया गया। जिसमें से 9 लाख 90 हजार मीट्रिक टन प्याज महाराष्ट्र से निर्यात की गई। साल 2015-16 में निर्यात की गई 12 लाख 1 हजार मीट्रिक टन में से 9 लाख 60 हजार मीट्रिक टन प्याज महाराष्ट्र से भेजी गई थी। साल 2016-17 में 34 लाख 92 हजार मीट्रिक टन निर्यातित प्याज में से 27 लाख 93 मीट्रिक टन प्याज महाराष्ट्र की थी। साल 2017-18 में फरवरी महीने तक 21 लाख 35 हजार मीट्रिक टन प्याज निर्यात की गई है जिसमें से 17 लाख 8 हजार मीट्रिक टन प्याज महाराष्ट्र से दूसरे देशों में भेजी गई है।

प्याज की बुवाई क्षेत्र में लगातार बढ़ोतरी

प्रदेश में साल 2014-15 में 4 लाख 57 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में 57 लाख मीट्रिक टन प्याज का उत्पादन हुआ था। साल 2015-16 में 5 लाख 22 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में 74 लाख 28 हजार मीट्रिक टन और साल 2016-17 में 4 लाख 71 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में 89 लाख 36 हजार मीट्रिक टन प्याज की उपज हुई। जबकि साल 2017-18 में 5 लाख 27 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में 72 लाख 16 हजार मीट्रिक टन प्याज की पैदावार हुई।

प्रमुख बाजार समितियों में प्याज की आवक

अक्टूबर महीने में नाशिक के लासलगांव मंडी में 18 लाख 5 हजार 547 क्विंटल प्याज आई। यह प्याज 1304 रुपए प्रति क्विंटल दर से बिकी। जबकि येवला मंडी में 1 लाख 9 हजार 613 क्विंटल प्याज की आवक रही। अहमदनगर मंडी में 1 लाख 72 हजार 403 क्विंटल, चांदवड में 73 हजार 831 क्विंटल, नाशिक मंडी में 29 हजार 294 क्विंटल, मनमाड मंडी में 49 हजार 850 क्विंटल प्याज किसानों ने बेचा है।
 

Created On :   7 Dec 2018 8:14 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story