विदर्भ में लुढ़का पारा, बादल छंटते ही बढ़ी ठंड

Due to the fathai storm , the cold in entire Vidarbha has increased
विदर्भ में लुढ़का पारा, बादल छंटते ही बढ़ी ठंड
विदर्भ में लुढ़का पारा, बादल छंटते ही बढ़ी ठंड

डिजिटल डेस्क, नागपुर। ‘फाथाई’ तूफान के बाद छंटे बादलों के कारण उपराजधानी सहित पूरे विदर्भ में ठंड बढ़ गई है। पारा लगातार दो दिन से नीचे लुढ़क रहा है, जिससे ठंड ने लोगों को घरों में दुबकने को मजबूर कर दिया है। दिन में 15.6 डिग्री सेल्सियस तक चढ़ा पारा गुरुवार की रात को गिर कर 8.6 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से 4 डिग्री नीचे रहा। बुधवार को भी गुरुवार की अपेक्षा 0.1 डिग्री ऊपर न्यूनतम तापमान रिकार्ड हुआ था। हालांकि शुक्रवार की सुबह धूप निकलने से लोगों को ठंड से राहत मिली है। ठंड के कारण रेलवे स्टेशन परिसर में एक व्यक्ति की मौत होने की खबर है। सर्दी के चलते सड़कों पर रात की चहल-पहल भी कम हाे गई है। बाजार में गरम कपड़ों की मांग बढ़ गई है।

और गिर सकता है पारा
मौसम जानकारों के अनुसार हिमालय की वादियों में कोई भी पश्चिमी विक्षोभ नहीं है। अगले 3-4 दिन तक इसके आने के भी आसार नजर नहीं हैं। इससे इस सप्ताह रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री तक की गिरावट आने की और संभावना है। आर्द्रता की अधिकता के कारण भी ठंड का असर अधिक है। देर रात से सुबह तक धुंध का असर भी बना हुआ है। बादलों के छंटने से पश्चिम की ओर से आ रहीं सर्द हवाएं उपराजधानी सहित पूरे विदर्भ को कंपकपा रही हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उपराजधानी में सर्दी अपने पूरे जोर पर मध्य दिसंबर से मकर संक्रांति तक रहती है। 

हवा की गति कम होने से राहत
गनीमत यह है कि हवा की गति कम है। इससे ठंड की चुभन महसूस नहीं हो रही है। गुरुवार को सुबह और शाम हवा की गति 3 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई, जबकि दिन में 2 किमी प्रति घंटा रही जबकि शुक्रवार की सुबह धूप निकलने से लोगों ने  कंपकपाने वाली ठंड से राहत महसूस की ।

शीतलहर की चपेट में आ सकते हैं
विदर्भ में रात का पारा 2 से लेकर 5 डिग्री सेल्सियस तक नीचे बना हुआ है। यदि आने वाले 1-2 दिनों में इसमें 1 से 2 डिग्री की गिरावट दर्ज होती है, तो विदर्भ शीतलहर की चपेट में आ सकता है। सामान्यत: यदि किसी क्षेत्र में 5 स्थानों पर तापमान सामान्य से 4 डिग्री से अधिक नीचे चला जाए, तो वहां शीतलहर घोषित हो जाती है। गुरुवार को उपराजधानी का अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री नीचे रहा। न्यूनतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री नीचे 8.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। आर्द्रता अधिकतम 85 तथा न्यूनतम 64 प्रतिशत रही। । 

रेलवे स्टेशन परिसर में हुई मृत्यु
ठंड से जनजीवन प्रभावित हुआ है। गुरुवार को ठंड के कारण स्टेशन परिसर में एक 60 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। मामले की जांच जीआरपी कर रही है। प्राप्त जानकारी अनुसार नागपुर स्टेशन परिसर में सुबह एक व्यक्ति अर्धनग्न अवस्था में प्रीपेड बूथ के पास पड़ा था। इसकी सूचना यात्रियों ने उप स्टेशन प्रबंधक को दी। उसके बाद रेलवे के डॉक्टर और जीआरपी को सूचना दी गई। मौके पर डॉक्टर ने पहुंच कर जांच की और उसे मृत घोषित किया। प्राथमिक तौर पर वद्ध की मौत ठंड के कारण होना बताया गया है। वृद्ध ने काले रंग की जैकेट व काले रंग का शर्ट पहना था। उसकी ऊंचाई 5 फीट 3 इंच है। रंग गोरा है। पुलिस के पास उसकी पहचान के तौर पर कुछ नहीं मिला है। ऐसे में मृतक यात्री था या परिसर में रहनेवाला कोई बेघर था, इसकी पड़ताल की जा रही है।

 

 

Created On :   21 Dec 2018 10:44 AM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story