33 हजार पौधों से लहलहाएगी वसुंधरा, शुरू हुआ पौधारोपण

Earth will be green with 33 thousand plants, Plantation started
33 हजार पौधों से लहलहाएगी वसुंधरा, शुरू हुआ पौधारोपण
33 हजार पौधों से लहलहाएगी वसुंधरा, शुरू हुआ पौधारोपण

डिजिटल डेस्क, नागपुर। सोमवार 1 जुलाई से राज्य में 33 करोड़ पौधारोपण का अभियान शुरू हो रहा है। पूरे महाराष्ट्र में 3 माह तक सरकारी विभाग, स्कूल-कॉलेज, पंचायत से लेकर आम नागरिक अभियान के तहत पौधे लगाएंगे। नागपुर में भी बड़ी संख्या में एनजीओ और नागरिक अपने-अपने स्तर पर पौधे लगाकर अभियान में सहयोग करेंगे। पर्यावरण से जुड़े एनजीओ सैंपलिंग व पौधे लगाने के लिए गड्ढे तैयार करने में जुटे हैं। अभियान के पहले दिन स्कूल-कॉलेजों में बड़े स्तर पर पौधारोपण कार्यक्रम होंगे। इस महा उत्सव में संगठन के साथ-साथ नागरिक भी कहीं न कहीं पौधे लगाने के कार्यक्रम में भाग लेंगे। मुख्य रूप से पार्कों और स्कूलों में कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।

पेड़ बचाने पर जोर
हर वर्ष बारिश के मौसम में संस्था शहर व आसपास करीब 400 पौधे लगाती हैं। हालांकि हमारा ज्यादा ध्यान पेड़ों को बचाने पर होता है। एक बड़े पेड़ को कटने या असमय सूखने से बचाना सौ सैपलिंग लगाने के बराबर होता है। हम शहर में पेड़ों की अवैध कटाई के खिलाफ निरतंर अभियान चला रहे हैं। इसके साथ ही पेड़ों के बचाने के लिए भी काम कर रहे हैं। इस वर्ष शहर के कई स्कूलों के साथ हम पौधारोपण के अभियान में  शामिल होंगे। हम इस बात का भी ध्यान रखते हैं कि पौधारोपण ऐसे स्थान पर हो, जहां उनकी देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। -कौस्तुभ चटर्जी, संस्थापक ग्रीन विजिल 

आसपास के गांवों में  2001 पौधारोपण
इस बार बारिश के मौसम में अपनी दाेस्त गुंजन खंडेलवाल के साथ मैंने दो हजार पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया है। नागपुर और आसपास के ग्रामीण इलाकों माेहपा, झिलपी, कलमेश्वर आदि जहां सही जगह मिले, हम पौधे लगाते हैं। इस बार 2001 पौधों में 101 फलदार पौधे शामिल हैं। इसके साथ ही मंदिर व पार्कों में भी पौधे लगाने का प्लान है। बड़े पेड़ों में नीम, पीपल, मंदिर में बेल, चंपा और फूल के पौधे लगाते हैं। इसके लिए हम कई बार आसपास के ग्रामीण इलाकों में जाते हैं। वहां पौधे लगाने के साथ-साथ उसकी देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित करते हैं।  - सुनीता शर्मा, बागवानी विशेषज्ञ

स्कूलों में मनेगा ग्रीन डे
शहर के विभिन्न स्कूलों में एक जुलाई को ग्रीन-डे मनाया जा रहा है। बच्चे स्कूल में पौधे लगाने के साथ-साथ पौधारोपण का महत्व भी समझेंगे। इसके साथ ही विभिन्न स्कूलों में इस अवसर पर पर्यावरण संबंधी कई प्रतियोगिताएं भी अायोजित की जा रही हैं। 

पार्क में लगाएंगे पेड़
मंडल के सभी सदस्यों ने मिलकर शहर के पार्कों में पांच-पांच पौधे लगाने का निश्चय किया है। हर दिन सुबह हम एक घंटे इस अभियान पर काम करेंगे। इसके साथ ही ऐसे पेड़ों की देखभाल पर भी ध्यान देंगे, जो किसी कारणवश खराब हो रहा हो, जैसे सड़क की खुदाई के कारण पेड़ की जड़ें बाहर आ गई हों, बारिश के कारण पेड़ की जड़ में पानी जमा हो गया हो, उस पर ध्यान देंगे। इसके साथ ही पौधारोपण और पौधों की रक्षा के लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
- जनार्दन पुरोहित, अध्यक्ष वरिष्ठ नागरिक मंडल

Created On :   1 July 2019 10:41 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story