- Home
- /
- महाजेनको में नियुक्ति के लिए हुआ...
महाजेनको में नियुक्ति के लिए हुआ ‘आर्थिक व्यवहार’

डिजिटल डेस्क, मुंबई। प्रदेश भाजपा ने महाराष्ट्र राज्य बिजली निर्मिति कंपनी (महाजनको) के निदेशक पद पर चंद्रकांत थोटवे की दोबारा नियुक्ति करने के लिए प्रदेश के ऊर्जा मंत्री नितीन राऊत पर आर्थिक व्यवहार करने का आरोप लगाया है। बुधवार को प्रदेश भाजपा के मीडिया प्रमुख तथा महाजनको के पूर्व निदेशक विश्वास पाठक ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र लिखकर थोटवे की नियुक्ति प्रक्रिया पर रोक लगाने की मांग की है।
प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत में पाठक ने कहा कि मुख्यमंत्री ने यदि थोटवे की नियुक्ति पर रोक नहीं लगाई तो हम अदालत जाएंगे। पाठक ने कहा कि इस पद पर नियुक्ति के लिए 26 फरवरी को साक्षात्कार होना है। इस नियुक्ति को लेकर राऊत और थोटवे में आर्थिक व्यवहार हुआ है। हम उचित समय पर इसका सबूत भी देंगे। पाठक ने कहा कि साल 2009 से महाजनको के निदेशक पद पर कार्यरत थोटवे का कार्यकाल 18 नवंबर 2019 को खत्म हो गया था। इसके बाद उन्हें 31 अगस्त 2020 तक सेवा विस्तार दिया गया। बाद में उन्हें इसी पद पर दोबारा नियुक्त करने की तैयारी थी लेकिन राज्य के ऊर्जा विभाग के तत्कालीन सचिव असीम गुप्ता की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने महाजनको के निदेशक पद के लिए थोटवे को नहीं चुना था। सूची में थोटवे का नाम पांचवें स्थान पर था। थोटवे का नाम नहीं होने के कारण राऊत ने चयन प्रक्रिया को रोक दिया। उन्होंने महाजनको के निदेशक पद पर नियुक्ति के लिए दोबारा विज्ञापन जारी करवाया है। अब महाजनको के निदेशक पद के लिए 26 फरवरी को साक्षात्कार होने वाला है।
इसीलिए किया असीम गुप्ता का तबादला
पाठक ने कहा कि थोटवे की नियुक्ति में कोई अड़चन न हो। इसके लिए राऊत ने ऊर्जा विभाग के सचिव गुप्ता का तबादला कर दिया गया। राऊत ने चयन समिति के सभी सदस्यों को थोटवे को चुनने का आदेश दिया है। क्योंकि इस नियुक्ति के लिए बड़े पैमाने पर आर्थिक व्यवहार हुआ है। इसलिए सरकार को इसकी जांच करनी चाहिए। मेरा मुख्यमंत्री से चयन प्रक्रिया पर रोक लगाने का आग्रह है। पाठक ने कहा कि पिछली भाजपा सरकार में थोटवे की नियुक्ति का चयन समिति में मैंने विरोध किया था। लेकिन तीसरी बार उनका चयन किया गया था।
Created On :   24 Feb 2021 7:29 PM IST