- Home
- /
- अनिल देशमुख से जुड़े कॉलेज पर ईडी...
अनिल देशमुख से जुड़े कॉलेज पर ईडी का छापा, दस्तावेज खंगाले

डिजिटल डेस्क, नागपुर। राज्य के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख की मुश्किलें कम होती नहीं दिख रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मनी लॉन्डरिंग मामले में देशमुख के कॉलेज पर छापा मारा और कुछ दस्तावेज जब्त किए। केंद्रीय आरक्षी पुलिस बल के साथ पहुंचे ईडी के अधिकारियों ने 3 घंटे तक कॉलेज में दस्तावेजों व कम्प्यूटरों की जांच-पड़ताल की। ईडी इसके पूर्व भी देशमुख के नागपुर व मुंबई स्थित आवास और कार्यालयों पर छापे मार चुकी है। छापा मारने की रणनीति मुंबई में बनी। नागपुर का अधिकारी गुरुवार को मुंबई पहुंचा और शुक्रवार को वापस नागपुर आने के बाद छापे की कार्रवाई की गई।
कम्प्यूटर और दस्तावेज खंगाले गए
ईडी अधिकारियों की टीम दोपहर 12 बजे पूर्व गृह मंत्री के फेटरी स्थित नागपुर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी) कॉलेज पहुंची। कॉलेज में दाखिल होते ही मुख्य द्वार बंद कर दिया गया। टीम में एक महिला अधिकारी भी थी। केंद्रीय आरक्षी पुलिस बल को साथ लेकर पहुंची टीम ने कॉलेज में 3 घंटे तक कम्प्यूटर व दस्तावेजों की छानबीन की। कार्रवाई के दौरान जो चुनिंदा स्टाफ कॉलेज में था, उन्हें वहीं पर रोक दिया गया। स्टाफ से पूछताछ हुई या नहीं, इसका पता तो नहीं चला, लेकिन कम्प्यूटरों व दस्तावेजों की छानबीन के दौरान टीम द्वारा स्टाफ से बात करने की खबर है। श्री देशमुख इस कॉलेज के अध्यक्ष हैं। पत्नी व बेटा कॉलेज प्रबंधन में पदाधिकारी हैं। ईडी अधिकारी छानबीन के बाद अपने साथ कुछ दस्तावेज ले गए।
हाजिर नहीं हुए देशमुख
गौरतलब है कि 100 करोड़ रुपए की वसूली से शुरू हुआ मामला मनी लॉन्डरिंग तक पहुंच गया है। श्री देशमुख की संपत्ति की ईडी जांच कर रही है। श्री देशमुख द्वारा शेल कंपनी व जमीनों में पैसे का निवेश करने का शक है। कम्प्यूटरों की छानबीन कर चल-अचल संपत्ति व दस्तावेजों की जानकारी जुटाने की ईडी की कोशिश है। ईडी ने श्री देशमुख को 4 बार समन भेजकर मुंबई कार्यालय पूछताछ के लिए बुलाया, लेकिन वे हाजिर नहीं हुए।
ईडी अधिकारी को मुंबई बुलाया
नागपुर स्थित ईडी कार्यालय का वरिष्ठ अधिकारी गुरुवार को विमान से मुंबई पहुंचा। वहां ईडी कार्यालय पहुंचकर नागपुर में अब तक हुई कार्रवाई का ब्योरा अधिकारियों से साझा किया। मुंबई के अधिकारी दिल्ली कार्यालय से भी संपर्क में रहे। नागपुर ईडी कार्यालय का वरिष्ठ अधिकारी शुक्रवार को मुंबई से नागपुर पहुंचा आैर इसके बाद देशमुख के कॉलेज पर छापा मारा गया। देशमुख को अभी तक कोर्ट से कोई राहत नहीं मिली है। ईडी की रणनीति हर हाल में पूर्व मंत्री को कार्यालय बुलाकर पूछताछ करने की है।
Created On :   7 Aug 2021 3:00 PM IST