- Home
- /
- फर्जी कर्ज मामले में ईडी ने जब्त की...
फर्जी कर्ज मामले में ईडी ने जब्त की 410 करोड़ की संपत्ति

डिजिटल डेस्क,मुंबई। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने रियल इस्टेट समूह ओमकार डेवलपर के प्रमोटर बाबूलाल वर्मा, कमल किशोर गुप्ताव फिल्म अभिनेता सचिन जोशी की 410 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की है। ईडी ने जो संपत्ति जब्त की है उसमें 330 करोड़ रुपए के फ्लैट का समावेश है। यह फ्लैट वर्ली इलाके में बनी इमारत में स्थित है। जिसका निर्माण ओमकार समूह ने किया है। इसके अलावा ईडी ने फिल्म अभिनेता सचिन जोशी की पुणे स्थित 80 करोड़ रुपए की जमीन भी जब्त की है। अभिनेता सचिन गुटखा कारोबारी जे एम जोशी का बेटा है। ओमकार समूह के डेवलपर व जोशी के खिलाफ पहले औरंगाबाद में मार्च 2020 में धोखाधड़ी के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई थी। जिसके आधार पर पर ईडी ने मामला दर्ज किया था।
ईडी ने जनवरी 2021 में रियल इस्टेट समूह ओमकार डेवलपर के प्रमोटर बाबूलाल वर्मा, कमल किशोर गुप्ता, व फिल्म अभिनेता जोशी को गिरफ्तार किया था। जांच के दौरान ईडी को पता चला था कि ओमकार समूह ने अपनी दूसरी कंपनी के जरिए 410 करोड़ रुपए का लोन फर्जी तरीके से हासिल किया था। इसमें से 330 करोड़ रुपए ओमकार समूह ने इमारतनिर्माण में लगाए। जबकि 80 करोड़ रुपए की लांड्रिंग फिल्म अभिनेता जोशी ने निवेश के नाम पर की। इसके बाद आगे की जांच में ईडी ने पाया था कि अभिनेता जोशी ने ओमकार समूह की 87 करोड़ रुपए के फंड डाइवर्जन में भी मदद की। ईडी के मुताबिक अभिनेता जोशी को ओमकार समूह के विभिन्न फर्म से पैसे मिले थे। जिसे जोशी ने निवेश के रुप में दिखाया था।
Created On :   15 Jan 2022 6:54 PM IST