- Home
- /
- अल्पसंख्यक छात्रों के लिए शिक्षा...
अल्पसंख्यक छात्रों के लिए शिक्षा कर्ज की सीमा बढ़ी

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मौलाना आजाद अल्पसंख्यक आर्थिक विकास महामंडल के शिक्षा कर्ज योजना के तहत अब एक परिवार के एक से अधिक छात्र के लिए कर्ज सीमा बढ़ा दी गई है। अब एक परिवार के एक से अधिक छात्रों को 7 लाख 50 रुपए तक का शिक्षा कर्ज मिल सकेगा। राज्य के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री नवाब मलिक ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
मंत्री मलिक ने बताया कि मुस्लिम, ईसाई, जैन, बौद्ध,सिख, पारसी व ज्यू जैसे अल्पसंख्यक समुदाय के छात्रों की पढ़ाई के लिए मौलाना आजाद आर्थिक विकास महामंडल की तरफ से शिक्षा कर्ज दिया जाता है। साथ ही केंद्र सरकार के आर्थिक सहयोग से चलाए जाने वाले डा एपीजे अब्दुल कलाम शिक्षा कर्ज योजना के तहत अभी तक एक परिवार के एक से अधिक छात्रों के लिए 5 लाख रुपए की कर्ज सीमा तय की गई थी।
अब इसमें बढ़ोतरी करते हुए इसे 7 लाख 50 हजार रुपए कर दिया गया है। इसके साथ ही राज्य सरकार की तरफ से चलाए जाने वाले मौलाना आजाद शिक्षा कर्ज योजना की सीमा को भी 2 लाख 50 हजार रुपए से बढ़ा कर 5 लाख रुपए कर दिया गया है। मलिक ने कहा कि इससे एक परिवार के एक से अधिक विद्यार्थियों के लिए भरपूर शिक्षा कर्ज मिल सकेगा। उन्होंने बताया कि मौलाना आजाद महामंडल की पूंजी राज्य सरकार ने बढ़ा कर 700 करोड़ रुपए कर दी है। इससे शिक्षा कर्ज के लिए जरुरी राशि उपलब्ध हो सकेगी।
Created On :   15 Feb 2022 6:55 PM IST