- Home
- /
- वैक्सीनेशन के लिए उत्साहित दिखे...
वैक्सीनेशन के लिए उत्साहित दिखे बुजुर्ग, समय से पहले पहुंचे

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शहर में तीसरे चरण में 60 साल से ऊपर वाले लोगों को वैक्सीन देने की शुरुआत हो गई है। इसमें 60 वर्ष से ज्यादा के बुजुर्गों के साथ 45 साल से 59 साल तक को भी वैक्सीन दी गई। 45 साल से ऊपर उन लोगों को वैक्सीन दी गई, जिन्हें पहले से कोई बीमारी हो। जिले में पहले दिन 45 साल से ऊपर वाले 47 और 60 वर्ष से ऊपर वाले 702 लोगों को टीका लगाया गया।
80 साल की बुजुर्ग महिला का जज्बा
मेयो अस्पताल में 80 साल की बुजुर्ग महिला लक्ष्मीबाई राजनारायण अग्रवाल ने टीका लिया। अस्पताल में पहले दिन सबसे अधिक उम्र की एक ही महिला थी। वह अपने बेटे के साथ अस्पताल आई थी। उनके इस जज्बे और इस तरह के उत्साह को अस्पताल के स्टाफ ने भी सराहा।
शहर में 81.44% को लगा टीका
11 केंद्रों में 1283 में से 1045 लोगाें को टीका दिया गया।
45 साल के ऊपर वाले 32 लोगों को पहले दिन मौका।
60 साल से ऊपर के 575 लोगों ने टीकाकरण कराया।
169 स्वास्थ्यकर्मी, 125 फ्रंटलाइन वर्कर को भी डोज।
144 स्वास्थ्यकर्मियों ने इसी दौरान दूसरा डोज लिया।
ग्रामीण में 55.74% ने लगाया टीका
12 केंद्रों पर ग्रामीण क्षेत्र में टीकाकरण किया गया।
1200 में से 657 लोगों को टीका लगाया गया।
45 वर्ष के ऊपर वाले कुल 15 लोगों को मौका।
60 वर्ष के ऊपर के 127 लोगों का टीकाकरण।
82 स्वास्थ्यकर्मी, 176 फ्रंटलाइन वर्कर को डोज।
257 स्वास्थ्यकर्मियों ने इसी बीच दूसरा डोज लिया।
इंदिरा गांधी अस्पताल में 12 बजे शुरू हुआ वैक्सीनेशन
मनपा के इंदिरा गांधी अस्पताल में सबसे देरी से वैक्सीनेशन शुरू हुआ। दरअसल, इस केंद्र पर किसी का भी रजिस्ट्रेशन नहीं हो रहा था। कई लोग कतार में खड़े रहे। ज्यादा देर होने के कारण कई लोग वापस भी लौटे। इस केंद्र पर 12 बजे वैक्सीनेशन की शुरुआत हुई।
रजिस्ट्रेशन में लगी देर
वैक्सीन लेने के लिए लोग समय पर केंद्रों पर पहुंचे, लेकिन कोविन एप पर रजिस्ट्रेशन करने में मेडिकल स्टाफ को भी काफी मशक्कत करना पड़ी। एप का सर्वर बार-बार डाउन हाेने के कारण रजिस्ट्रेशन में काफी समय लगा। इसके साथ ही 45 साल के ऊपर के कई लोगाें को यह जानकारी नहीं थी कि वैक्सीन लेने के लिए कौन सा दस्तावेज ले जाना है। इसके कारण भी कई लोग बिना वैक्सीन के लौटे।
वैक्सीन लेने समय से पहले पहुंचे बुजुर्ग
शहर में तीसरे चरण का वैक्सीनेशन शुरू हुआ। मेडिकल में 60 साल के ऊपर के बुजुर्गों को वैक्सीन दी गई। 45 साल से 59 साल के कोमॉर्बिडिटी मरीजों को भी वैक्सीन दी गई। केंद्रों पर सुबह 8.30 बजे से ही लोग पहुंच गए। हालांकि कई जगह सर्वर डाउन हाेने के कारण वैक्सीनेशन शुरू होने में देरी हुई।
मेयो अस्पताल की ओपीडी वाली इमारत के वार्ड नंबर 38 में वैक्सीनेशन की व्यवस्था की गई थी। ज्यादा लोग नहीं। पूरी टीम वैक्सीनेशन के लिए रजिस्ट्रेशन करने में व्यस्त। थोड़ी ही दूरी पर ऑब्जर्वेशन कक्ष में एक डॉक्टर मौजूद।
एक ही परिवार के तीन लोगों को टीका
एक ही परिवार के 3 लोग टीका लेने पहुंचे। माता-पिता और दो बेटे। इनमें से एक बेटा तीनों की देखरेख के लिए साथ आया है। 75 वर्षीय रमेश दुबे और पत्नी 68 वर्षीय शीला दुबे को 10.05 बजे बुलाया गया। दोनों का रजिस्ट्रेशन किया गया। बड़े बेटे अमित दुबे भी वैक्सीन लेने पहुंचे। उन्हें ब्लडप्रेशर और हाइपरटेंशन है। कोमॉर्बिडिटी सर्टिफिकेट नहीं होने के कारण उनका रजिस्ट्रेशन नहीं हो पाया। सर्टिफिकेट की जगह स्टाफ ने उनके इलाज का प्रिस्क्रिप्शन या दूसरे कोई दस्तावेज दिखाने को कहा। उन्होंने दस्तावेज मंगाए, तब कहीं उन्हें भी टीका लगाया गया।
Created On :   2 March 2021 12:27 PM IST