राज्यसभा : चुनावी हलचल शुरू, संचेती की फिर दावेदारी

Election for 6 seats of Maharashtra Rajya Sabha
राज्यसभा : चुनावी हलचल शुरू, संचेती की फिर दावेदारी
राज्यसभा : चुनावी हलचल शुरू, संचेती की फिर दावेदारी

डिजिटल  डेस्क, नागपुर।  राज्यसभा की 6 सीटों के लिए चुनावी हलचल शुरू हो गई है। राज्यसभा सदस्य अजय संचेती का कार्यकाल भी समाप्त हो रहा है, लेकिन उनकी दोबारा दावेदारी कायम रहने की अधिक संभावना है। पार्टी सूत्र के अनुसार, इस संबंध में जल्द ही स्थिति साफ हो जाएगी। बताा दें कि 16 राज्यों में राज्यसभा की 58 सीटों के लिए 23 मार्च को चुनाव होने जा रहा है। महाराष्ट्र में 6 सीटों के लिए चुनाव होगा। इनमें संचेती जिस सीट से चुने गए हैं, उसका भी समावेश है। राज्य विधानसभा में 288 सदस्य हैं। संख्या बल के आधार पर पहले कांग्रेस व राकांपा के 2-2 एवं भाजपा-शिवसेना के 1-1 सदस्य चुने गए। 2014 के विधानसभा चुनाव में स्थितियां बदली हैं। भाजपा की सदस्य संख्या 122 तक पहुंच गई है। 
भाजपा के कोटे में 3 सीटें
भाजपा के कोटे में राज्यसभा के लिए 3 सीटें हैं। मानव संसाधन विकास मंत्री प्रकाश जावडेकर व पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को दो सीट से भाजपा की ओर से राज्यसभा में भेजा जाना तय माना जा रहा है। संचेती के स्थान पर ही उम्मीदवार बदलने का विचार किया जा सकता है। कुछ दिनों से पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे को भाजपा सत्ता में समायोजित करने का विचार चल रहा है। खबरें आई है कि मंत्री नहीं बना पाने की स्थिति में भाजपा ने राणे को राज्यसभा सदस्य बनाने का न्योता दिया है, लेकिन राणे ने ही कहा है कि वे राज्यसभा में जाने के मूड में नहीं है। फिर वे राजी हुए तो राज्यसभा के लिए संचेती की दावेदारी संकट में फंस सकती है। उधर, पार्टी सूत्र का मानना है कि संचेती की दावेदारी पर संकट नहीं है। भाजपा के अध्यक्ष रहते हुए भूतल परिवहन मंत्री नितीन गडकरी ने संचेती को राज्यसभा में जाने का मौका दिया था। तब राज्यसभा जाने के लिए कई दिग्गजों के नाम शामिल थे। 

12 मार्च से आरंभ होगी नामांकन प्रक्रिया
औद्योगिक घराने से संबंध रखनेवाले संचेती के संबंध गडकरी से अब भी अच्छे ही हैं। साथ ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के माध्यम से उनकी पहचान भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से प्रगाढ़ हुई है। फडणवीस से भी संचेती के अच्छे संबंध रहने का लाभ मिल सकता है। 12 मार्च से नामांकन प्रक्रिया आरंभ होगी। लिहाजा 10 मार्च तक सारी स्थिति साफ हो सकती है। 
 

Created On :   6 March 2018 2:46 PM IST

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story