- Home
- /
- हाथियों का उत्पात, 80 वर्षीय वृद्धा...
हाथियों का उत्पात, 80 वर्षीय वृद्धा को उठाकर फेंका, महिला गंभीर

डिजिटल डेस्क, कोरची (गड़चिरोली) । ओडिशा राज्य से छत्तीसगढ़ होते हुए गड़चिरोली जिले में दाखिल हुए जंगली हाथियों के झुंड ने पिछले एक सप्ताह में कुरखेड़ा तहसील के दर्जनों किसानों की धान फसल को ध्वस्त करने के बाद अपना मोर्चा कोरची तहसील की ओर बढ़ाया है। गुरुवार की देर रात जंगली हाथियों ने तहसील के मसेली क्षेत्र के लेकुरबोड़ी गांव में प्रवेश किया। इस समय हाथियों ने सनकुबाई कोलुराम नरोटी (80) नामक वृद्ध महिला को अपनी सूंड से उठाकर फेंक दिया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। साथ ही इसी वृद्ध महिला के मकान को भी धराशायी कर दिया। उपद्रव की इस घटना को अंजाम देने के बाद जंगली हाथियों ने क्षेत्र के खेतों में भी जमकर उत्पात मचाया। धान की लहलहाती फसल को हाथियों ने एक बार फिर ध्वस्त कर दिया है। जिससे किसानों को बड़े पैमाने पर नुकसान का सामना करना पड़ा है। उधर गंभीर रूप से घायल वृद्धा सनकुबाई को उपचार के लिए गड़चिरोली के जिला अस्पताल में रेफर किया गया है। बता दें कि, बुधवार की रात को कुरखेड़ा तहसील के पिटेसुर, सिंदेसुर और चारभट्ठी क्षेत्र के किसानों ने अपने खेतों में रातभर जागते हुए आतिशबाजी के सहारे जंगली हाथियों को खदेड़ने का प्रयास किया था।
किसानों का यह प्रयास सफल हुआ, लेकिन हािथयों ने अपना मोर्चा कोरची तहसील की ओर बढ़ाकर यहां के लेकुरबोड़ी गांव में जमकर उपद्रव मचाया। गुरुवार की रात करीब 3 बजे के दौरान लेकुरबोड़ी निवासी सनकुबाई नरोटी नामक महिला के मकान को हाथियों ने पूरी तरह धराशायी कर दिया। हाथियों को खदेड़ने का प्रयास कर रहीं सनकुबाई को भी हाथियों ने अपनी सूंड की मदद से फेंक दिया। जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई। लेकुरबोड़ी गांव में उत्पात मचाने के बाद हाथियों ने अपना मोर्चा खेतों की ओर बढ़ाया। जहां हाथियों ने धान की फसलों को एक बार फिर तहस-नहस कर दिया। वर्तमान में जंगली हाथियों का झुंड लेकुरबोड़ी गांव से 7 किमी दूर जंगल में होने की जानकारी वनविभाग के अधिकारियों ने दी है। घटना की जानकारी मिलते ही बेड़गांव वन परिक्षेत्र के वन परिक्षेत्र अधिकारी लक्ष्मीकांत ठाकरे और उनकी टीम शुक्रवार सुबह लेकुरबोड़ी गांव पहुंची। जहां वन विभाग की टीम ने नुकसान का पंचनामा किया। अचानक हाथियों ने गांव में प्रवेश कर उपद्रव मचाने से लेकुरबोड़ी गांव के नागरिकों में दहशतपूर्ण माहौल निर्माण हो गया है।
Created On :   22 Oct 2022 6:04 PM IST