- Home
- /
- कर्मचारी घर पर फरमा रहे आराम, काम...
कर्मचारी घर पर फरमा रहे आराम, काम कर रही जीपीएस घड़ियां

डिजिटल डेस्क, नागपुर। कामचोर लापरवाह कर्मचारियों पर नकेल कसने के लिए मनपा ने जीपीएस घड़ी दी लेकिन जीपीएस घड़ियां देने के बाद भी कर्मचारियों की कामचोरी बंद नहीं हो रही है। चालाकी ऐसी कि कर्मचारी अपनी घड़ियां ड्यूटी एरिया में छोड़कर चले जाते हैं, जिससे सिस्टम में दिखाई दे कि वह ड्यूटी पर है, लेकिन वास्तविकता में ऐसा नहीं होता है। ड्यूटी एरिया में सिर्फ उनकी घड़ियां होती हैं, जबकि वह अपने घरों में आराम कर रहे होते हैं। इस मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब एक साथ 6-6 जीपीएस घड़ियां पकड़ में आईं।
यह है मामला
जानकारी के अनुसार नेहरू नगर में 109 सफाई कर्मचारी हैं, लेकिन गिने-चुने कर्मचारी ही फील्ड पर दिखाई देते हैं। जोन में सफाई व्यवस्था बनाने के लिए एक नगरसेवक ने जोन अधिकारी काशीनाथ पोखड़े से सफाई करवाने को कहा तो उसने कर्मचारी होने से इनकार कर दिया। तभी सुबह 9.30 बजे सामने आया कि वाठोड़ा घाट पर 6 जीपीएस घड़ियां रखी हुई हैं, पर कर्मचारियों का कोई पता नहीं है। घड़ियों को लेकर किसी कर्मचारी ने कोई आपत्ति भी दर्ज नहीं करवाई है।
यह है घड़ी का सिस्टम
घड़ी में जीपीएस लगा हुआ है और उसमें कैमरा भी है। कर्मचारी यदि अपने ड्यूटी एरिया में नहीं जाता है तो मालूम चल जाता है। किसी भी कर्मचारी को अचानक फोन किया जाता है। वीडियो कॉलिंग में चेहरा न आने पर स्पष्ट हो जाता है कि कर्मचारी के पास घड़ी है या नहीं।
जांच के बाद होगा नाम का खुलासा
घड़ियाें को जब्त कर लिया गया है। जांच में सामने आ जाएगा कि वह किस-किस कर्मचारी को आवंटित की गईं थी। इससे स्पष्ट हो जाएगा कौन कर्मचारी घर में बैठकर अपनी ड्यूटी कर रहा है।
जांच करवाएंगे
घड़ियों की जांच करवाएंगे, उसी के बाद पता चलेगा वह घड़ी किस कर्मचारी को आवंटित की गई है। इसके बाद नियमानुसार कर्मचारियों पर कार्रवाई की जाएगी। - राज जोशी, अतिरिक्त आयुक्त, मनपा
Created On :   28 Feb 2019 11:40 AM IST