- Home
- /
- नागपुर : इंजीनियरिंग कॉलेजों को...
नागपुर : इंजीनियरिंग कॉलेजों को नहीं मिली छात्रवृत्ति

डिजिटल डेस्क, नागपुर। शैक्षणिक सत्र 2020-21 में विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति की रकम नहीं मिलने से इंजीनियरिंग कॉलेजों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। विदर्भ अन-एडेड इंजीनियरिंग कॉलेज एसोसिएशन के अनुसार छात्रवृत्ति नहीं मिलने के कारण कॉलेजों का अपना कामकाज सुचारू रखने में परेशानी हो रही है। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण शिक्षकों-कर्मचारियों के वेतन भी नियमित रूप से अदा करने की स्थिति में नहीं हैं। कई कॉलेजों में तो 6 माह से वेतन अदा नहीं किया गया है। कॉलेजों की इसी समस्या को लेकर संगठन के अध्यक्ष व विधायक अभिजीत वंजारी ने सामाजिक न्यायमंत्री धनंजय मुंडे से मुलाकात कर जल्द से जल्द छात्रवृत्ति की रकम अदा करने की मांग की है। मुंडे ने राहत देने का आश्वासन दिया है।
कॉलेज स्टाफ में है नाराजगी
उल्लेखनीय है कि बीते डेढ़ वर्ष से लॉकडाउन के चलते कॉलेजों का कामकाज भी प्रभावित हो रहा है। इसका असर छात्रवृत्ति की प्रक्रिया पर भी पड़ा है। राज्य सरकार का छात्रवृत्ति पोर्टल महाडीबीटी करीब 8 माह की देरी से शुरू हुआ है। जुलाई में शुरू होने वाली यह प्रक्रिया इस वर्ष फरवरी में शुरू हुई है, जिसके कारण प्रक्रिया करीब 7 माह की देरी से चल रही है। कॉलेज स्टाफ को वेतन नहीं मिलने से उनमें भारी असंतोष देखा जा रहा है। कॉलेजों की मांग उठाने के लिए संगठन के अजय अग्रवाल, जुगल, माहेश्वरी, अविनाश दोरसटवार व अन्य सदस्यों ने एड. वंजारी का आभार माना है।
Created On :   24 May 2021 3:01 PM IST