- Home
- /
- नील सोमैया के खिलाफ ईओडब्ल्यू ने...
नील सोमैया के खिलाफ ईओडब्ल्यू ने दर्ज नहीं किया है कोई मामला

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने (ईओडब्ल्यू) ने बॉम्बे हाईकोर्ट को सूचित किया है कि अब तक भारतीय जनता पार्टी के नेता व पूर्व सांसद किरीट सोमैया के बेटे नील सोमैया के खिलाफ जांच के लिए कोई मामला नहीं दर्ज किया है। ईओडब्ल्यू की ओर से पैरवी कर रही सरकारी वकील अरुणा पई ने कोर्ट को यह जानकारी दी है। इसके बाद नील ने हाईकोर्ट में दायर किए अपने अग्रिम जमानत आवेदन को वापस ले लिया।
पिछले दिनों शिवसेना सांसद संजय राऊत ने मीडिया के सामने किरीट व उनके बेटे की पंजाब महाराष्ट्र को- ऑपरेटिव बैंक (पीएमसी) घोटाले में संदिग्ध भूमिका का आरोप लगाया था। इसके मद्देनजर गिरफ्तारी की आशंका के चलते नील ने हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत आवेदन दायर किया था। आवेदन में नील ने गिरफ्तारी से पहले पुलिस को 72 घंटे पहले नोटिस देने का निर्देश देने की मांग की थी। न्यायमूर्ति भारती डागरे के सामने नील के आवेदन पर सुनवाई हुई। इस दौरान सरकारी वकील पई ने कहा कि ईओडब्ल्यू ने अब तक नील के खिलाफ जांच के लिए कोई मामला नहीं दर्ज किया है। इसके बाद नील के वकील ने आवेदन वापस ले लिया और जरूरत पड़ने पर दोबारा आवेदन दायर करने की छूट मांगी।
Created On :   12 March 2022 7:06 PM IST