- Home
- /
- सड़क सुरक्षा पर सभी को मिलकर करना...
सड़क सुरक्षा पर सभी को मिलकर करना होगा काम - गडकरी

डिजिटल डेस्क, नागपुर। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितीन गडकरी ने देश में सड़क हादसों की स्थिति का जिक्र करते हुए कहा है कि सड़क सुरक्षा के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। देश में सबसे अधिक मौतें सड़क हादसों में होती है। इन हादसों पर नियंत्रण के लिए जनप्रतिनिधियों को भी योगदान देना होगा। जिला स्तर पर समितियां बनाकर सड़क सुरक्षा के कार्यक्रमों को प्रभावी तरीके से चलाया जा सकता है।
उन्होंने आंकड़ों के साथ जानकारी दी कि नागपुर जिले में सड़क हादसें कम हुए हैं। 32वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा अभियान के अंतर्गत विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुरेश भट सभागृह में हुए कार्यक्रम की अध्यक्षता गडकरी ने की। इसी अवसर पर वे बोल रहे थे। कार्यक्रम आयोजन में भारतीय राष्ट्रीय महामार्ग प्राधिकरण नागपुर, प्रादेशिक परिवहन विभाग नागपुर व संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति नागपुर का आयोजन में प्रमुख योगदान रहा। कार्यक्रम में राज्यसभा सदस्य डॉ. विकास महात्मे, अभिनेता मकरंद अनासपुरे, महापौर दयाशंकर तिवारी मंच पर थे।
प्रचार आवश्यक
अभिनेता मकरंद अनासपुरे ने कहा कि हादसा नियंत्रण की उपाय योजनाओं के लिए सड़क सुरक्षा प्रचार आवश्यक है। सड़क सुरक्षा नियमों का कठोरता से पालन होना चाहिए। इसके लिए जुर्माना वसूलने की आवश्यकता है। अनासपुरे ने कहा कि वे सड़क सुरक्षा के प्रचार के लिए बिना मूल्य सहयोग देंगे। कार्यक्रम की प्रस्ताव राज्यसभा सदस्य डॉ. विकास महात्मे ने रखी। सड़क सुरक्षा रक्षक गौरव पुरस्कार का वितरण भी किया गया। राष्ट्रीय महामार्ग प्राधिकरण के क्षेत्रीय अधिकारी राजीव अग्रवाल, प्रादेशिक परिवहन अधिकारी विनोद जाधव सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
500 लोगों की बचा चुके हैं जान
गडकरी ने कहा कि हादसा नियंत्रण उपाय योजना के कारण शहर में 23 प्रतिशत सड़क हादसे कम हुए हैं। नागपुर की संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति ने निर्णय लेकर करीब 20 ब्लैक स्पाट में सुधार किए हैं। नागपुर ग्रामीण में हादसों का प्रमाण 8 प्रतिशत व मृत्यु का प्रमाण 1 प्रतिशत कम हुआ है। शहर में हादसों का प्रमाण 23 प्रतिशत व मृत्यु का प्रमाण 16 प्रतिशत कम हुआ है। सड़क हादसों के लिए सड़क अभियांत्रिकी को जिम्मेदार ठहराते हुए गडकरी ने जानकारी दी कि 12.5 हजार करोड़ रुपए खर्च कर देश में ब्लैक स्पाट दुरुस्त किए गए हैं। जनाक्रोश जैसी संस्थाओं का योगदान रहा है। राजू जाधव नामक कार्यकर्ता संस्था के माध्यम से 8 हजार घायल लोगों की सहायता कर चुके हैं। 500 लोगों की जान बचाई है।
नियंत्रण के 4 सूत्र
गडकरी ने सड़क हादसा नियंत्रण के लिए 4 सूत्र सुझाए। सड़क अभियांत्रिकी में सुधार, सड़क नियमों में बदलाव, यातायात कानून का कठोरता से पालन व हादसों का समय दर्शाने की तत्परता हादसा नियंत्रण के लिए आवश्यक है। गडकरी ने कहा कि सड़क हादसों में मौत के मामले में 70 प्रतिशत मृतक 18 से 45 वर्ष की उम्र के रहते हैं। केंद्रीय परिवहन मंत्रालय ने संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति का गठन किया है। समिति में सभी जनप्रतिनिधि शामिल होकर शहर में हादसे मामले में संवेदनशील स्थानों की जानकारी दें। उनके सुधार के लिए फालोअप करें।
Created On :   15 Feb 2021 12:56 PM IST